आर्थिक रूप से कमजोर किडनी के मरीजों को अब पैसे की कमी के कारण डायलिसिस के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। जिन मरीजों का न आयुष्मान कार्ड है, न बीपीएल कार्ड, सदर अस्पताल ने इन्हें राहत देने के लिए खास पहल की है। अब ऐसे मरीजों का एक घंटे के अंदर आयुष्मान कार्ड बनाकर डायलिसिस की सुविधा दी जा रही है। डीएस डॉ. सव्यसाची मंडल के अनुसार आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए मरीज का आधार और राशन कार्ड का होना जरूरी है। आयुष्मान कार्डधारी मरीजों का डायलिसिस नि:शुल्क होगा। वहीं जिनके पास कार्ड नहीं है, उन्हें 1206 रुपए खर्च करने पड़ेंगे।
नई व्यवस्था... अब तक 25 लोग करा चुके हैं रजिस्ट्रेशन
सोमवार से शुरू हुए 5 बेड के सेंटर में डायलिसिस के लिए अभी तक करीब 25 लोगों ने रजिस्ट्रेशन करवाया है। इस दौरान 5 लोगों की डायलिसिस हो चुकी है। डॉ. सव्यसाची मंडल ने बताया कि सदर में नई व्यवस्था शुरू होने के बाद डायलिसिस कराने से पहले रजिस्ट्रेशन के लिए रांची समेत दूरदराज के इलाकों से हर दिन 100 से अधिक लोगों के कॉल आ रहे हैं। लेकिन वाहनों की सुविधा नहीं होेने के कारण लोग पहुंच नहीं पा रहे हैं। उन्होंने बताया, कोरोना की वजह से शुरुआत में डायलिसिस मरीजों को बहुत समस्या हुई थी। इसे देखते हुए सदर में डायलिसिस सेंटर की शुरुआत की गई है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/31w67D9
via IFTTT
Comments
Post a Comment