घर व प्रतिष्ठानों में जाकर बिजली की बिलिंग करने वाले ऊर्जा मित्रों पर कोरोना संक्रमण का खतरा बढ़ गया है। 8 ऊर्जा मित्र कोरोना संक्रमण मरीजों के संपर्क में आ गए हैं। बिलिंग एजेंसी सार ने ऊर्जा मित्रों को होम क्वारेंटाइन में रहने का निर्देश दिया है। वहीं, आधा दर्जन ऊर्जा मित्रों ने अपनी तबीयत खराब होने की बात कहकर स्वयं को क्वारेंटाइन कर लिया है। संक्रमण के बढ़ते खतरे को देखते हुए कई ऊर्जा मित्रों ने बिलिंग का कार्य बंद कर दिया है।
जबकि, कई जगहों पर लोगों नेे वर्तमान समय में ऊर्जा मित्रों से बिलिंग कराने से इनकार कर दिया है। ऐसी स्थिति में शहर में बिजली की बिलिंग मुश्किल हो गई है। शहर के अधिकतर क्षेत्रों में बिलिंग कार्य ठप हो गया है। बिजली बिल जनरेट नहीं हो रहा है। जेबीवीएनएल इसे लेकर परेशान है। यही स्थिति और बिल जनरेट नहीं हुआ तो जेबीवीएनएल का राजस्व फंस जाएगा। इस स्थिति से निपटने के लिए जेबीवीएनएल मंथन कर रहा है।
जेबीवीएनएल की अपील, ऐप से सेल्फ बिलिंग कीजिए
जेबीवीएनएल ने लाेगाें से की सेल्फ बिलिंग ऐप से बिल निकालने की अपील की है। इस महीने के 20 से 28 तारीख तक के बीच सेल्फ बिलिंग एप के जरिए बिल निकाला जा सकता है। इसके लिए लाेगाें काे अपने मोबाइल के प्ले स्टोर में जाकर एप डाउनलाेड करना है। चार आसान ऑप्शन का पालन करते हुए लाेग घर बैठे माेबाइल से बिजली बिल निकाल सकते हैं। जेबीवीएनएल ने कहा है कि संक्रमण के इस दौर में बिलिंग कराना एक चुनौती बन गया है। लोग अगर सेल्फ बिलिंग पर जोर दें, तो वे सुरक्षित भी रहेंगे और बिलिंग की समस्या भी समाप्त हो जाएगी।
शहर में 5 माह से बिलिंग कार्य नियमित नहीं
पहले ऊर्जा मित्रों की हड़ताल और अब कोरोना...। शहर में बिजली की बिलिंग पिछले 5 माह से लड़खड़ाई हुई है। इसका सबसे ज्यादा असर शहरी इलाकाें में देखने काे मिल रहा है। लोगों को समय पर बिजली का बिल नहीं मिल रहा है। नियमित बिलिंग नहीं होने से वे अपना बिजली बिल जमा नहीं कर पा रहे हैं। उन्हें एक बार में तीन माह का बिल जमा करना पड़ रहा है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/30RdR2m
via IFTTT
Comments
Post a Comment