Skip to main content

Jharkhand daily news

लालपुर थाना क्षेत्र के मोरहाबादी के पास रहने वाले समाचार एजेंसी के पत्रकार पीवी रामानुजम (54) ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। इसकी जानकारी गुरुवार की सुबह तब मिली जब उनकी पत्नी पी. शुभलक्ष्मी मॉर्निंग वॉक पर जाने के लिए उन्हें ढूंढते हुए उनके आवासीय कार्यालय के कमरे में पहुंचीं। सुबह दोनों एक साथ उठकर मॉर्निंग वॉक पर जाते थे। गुरुवार को भी उनकी पत्नी उठीं, तो कमरे में उन्हें नहीं देखा।

फिर अपने पालतू कुत्ते को कहा, देखो रामानुजम कहां हैं। कुत्ता उन्हें खोजते हुए उनके कार्यालय के कमरे तक पहुंचा और भौंकने लगा। फिर पी. शुभलक्ष्मी को खींच कर लाया। पत्नी ने दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन वह बंद था। काफी मशक्कत के बाद दरवाजा खुला, तो रामानुजम बेडशीट के सहारे फंदे से लटके हुए मिले। इसके बाद उन्होंने अपने परिचितों और पुलिस को जानकारी दी।

मौत से पहले भी भेजी थी खबर... परेशानी किसी से शेयर नहीं की

रामानुजम करीब दो दशक से रांची में कार्यरत थे और वे मोरहाबादी के निकट सरकारी क्वार्टर में अपनी पत्नी के साथ रहते थे। इसी भवन में पीटीआई का कार्यालय भी संचालित होता है। इस घटना के बाद उन्हें जानने वाले स्तब्ध हैं और मीडिया जगत में शोक है। बुधवार की देर रात भी उन्होंने कोविड 19 पर रांची के बारे में एक खबर पहले भेजी। उसके बाद ही उन्होंने खुदकुशी की। जानकारों का कहना है कि ऑफिशियल वर्क प्रेशर से वे कुछ दिनों से परेशान थे। लेकिन इस संबंध में उन्होंने किसी से भी अपनी परेशानी शेयर नहीं की थी। हालांकि पुलिस भी कुछ नहीं बता रही कि उनकी खुदकुशी की वजह क्या रही है।

घर में ही था ऑफिस, रात में खाना खाने के बाद खबर लिखने चले गए

रामानुजम का आवास सह कार्यालय मोरहाबादी में है। पुलिस को उनकी पत्नी ने बताया कि रात में खाना खाने के बाद वे चादर लेकर वे कार्यालय के कमरे में चले गए थे। सुबह जब वह उठी और उन्हें बेड रूम में नहीं देखा, तो खोजने लगी। पुलिस को अभी उनकी खुदकुशी का कारण पता नहीं चल सका है। घटना के बाद सूचना मिलने पर उनका इकलौता बेटा, जो ओडिशा मे रहता है, वह भी रांची पहुंचा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

कुछ दिनों से इंटरनेट की समस्या थी, मुश्किल से कर पा रहे थे काम

कुछ दिनों से उनके कार्यालय में इंटरनेट की भी समस्या थी। काफी मुश्किल से वे काम कर पा रहे थे। क्योंकि काम का काफी दबाव था। सही तरीके से कार्यालय में इंटरनेट नहीं होने की वजह से बुधवार को उन्होंने कई खबरें अपने मोबाइल से ही फाइल की थीं। उनकी पत्नी का भी कहना था कि जब वे परेशान थे, तब उन्होंने उनसे कहा था कि सब ठीक हो जाएगा। रामानुजम ने दो दिन की छुटटी के लिए भी आवेदन किया था।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
पीवी रामानुजम


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/30R7v30
via IFTTT

Comments