तेलीबांधा तालाब के पीछे सुभाष नगर में शनिवार दोपहर 3 बजे एक 8 साल की बच्ची के अपहरण की कोशिश की गई। बच्ची को एक युवती और युवक जबरदस्ती बाइक पर बैठा रहे थे। इतने में स्थानीय लोगों ने देख लिया और बच्ची को बचा लिया। अपहरणकर्ताओं को लोगों ने पकड़कर पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। तेलीबांधा टीआई रमाकांत साहू ने बताया कि छुरा की रहने वाली मोनू प्रजापति (30) तेलीबांधा में किराए के मकान में रहती है।
वह पहले सुभाष नगर में रहती थी। फिर अपनी बहन के पास आकर रहने लगी। वह न्यू शांति विहार डंगनिया के नरेंद्र पटेल के साथ पहले भी देखी गई है। नरेंद्र बिजली विभाग में हेल्पर है। दोनों शनिवार दोपहर सुभाष नगर पहुंचे। युवती बाइक से उतरकर नजदीक के गार्डन में चली गई। यहां 8 साल की बच्ची खेल रही थी। युवती बच्ची से बातचीत करने लगी। बच्ची से नाम, पिता-माता की जानकारी लेने लगी। उसे बातों में फंसाकर गार्डन के बाहर ले आई फिर जबरदस्ती बाइक पर बैठाने लगी। बच्ची चिल्लाने लगी तो मोहल्ले वाले दौड़कर आए। युवती को पकड़ लिया और बच्ची को उनके हाथों से छुड़ाया।
नरेंद्र भागने की कोशिश कर रहा था, लोगों ने दौड़ाकर उसे भी पकड़ लिया। बच्ची के माता-पिता भी वहां पहुंच गए। फिर पुलिस बुलाई गई और दोनों को सौंप दिया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
उनसे पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार दोनों बच्ची का अपहरण करके सौदा करने वाले थे।
कई लड़कियां अब भी गायब, नहीं मिला क्लू
सुभाष नगर से कई नाबालिग अब भी गायब हैं, जो अब तक नहीं मिली हैं। कुछ लड़कियों को यूपी से भी छुड़ाकर लाया गया था, जहां नाचने-गाने वाले ले गए थे। पुलिस को शक है कि गायब लड़कियों के पीछे मोनू का हाथ हो सकता है। वह पहले वहीं रहती थी। उसी दौरान ही लड़कियां गायब हुई हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3229il2
via
Comments
Post a Comment