Skip to main content

सावन सोमवार के शुभ संयोग में भाइयों की कलाई पर सजा बहनों का प्यार

भाई-बहन के स्नेह का प्रतीक ‘रक्षाबंधन’ पर्व इस बार आखिरी सावन सोमवार के शुभ संयोग में मनाया गया। सुबह 9.28 बजे तक भद्रा थी, लिहाजा बहनों ने इस अवधि में राखी बांधने से परहेज किया। इस दौरान घरों में शिवजी की पूजा की गई। फिर 9.30 बजे से भाइयों की कलाई सजाने का जो सिलसिला शुरू हुआ वह रात 9.30 बजे तक चलता रहा। इस मौके पर भाइयों ने संकल्प लिया कि वे जीवनभर अपनी बहन की रक्षा करेंगे।
गौरतलब है कि एक के बाद एक साल के सभी बड़े त्योहार कोरोना महामारी की भेंट चढ़ते जा रहे हैं। नवरात्रि, रामनवमी, हनुमान जयंती और जगन्नाथ रथयात्रा के बाद अब रक्षाबंधन पर्व भी उत्सवपूर्वक नहीं मनाया जा सका। मंदिर-देवालय बंद रहे। कहीं काेई भव्य कार्यक्रम नहीं हुआ। हालांकि, इन सब बातों से भाइयों और बहनों का उत्साह फीका नहीं पड़ा। जो भाई-बहन जो एक-दूसरे से दूर हैं और लॉकडाउन के चलते एक-दूसरे से मिल नहीं पाए, उन्होंने घर पर रहते हुए एक-दूसरे को फोन कॉल और वीडियो कॉल के जरिए शुभकामनाएं दी। बहनों ने भगवान गणेश और बाल मुकंद को राखी बांधी और अपने भाइयों की लंबी उम्र व समृद्धि मांगी। जो भाई-बहन एक-दूसरे से मिल सके उन्होंने संक्रमण से बचाव के उपायों का पालन करते हुए राखी बांधी और बंधवाई। इसके अलावा कई समाजसेवी संगठनों के सदस्यों ने भी इस मौके पर जरूरतमंद महिलाओं की मदद की। उनसे राखी बंधवाकर जीवनभर उनकी सुरक्षा और देखरेख का संकल्प भी लिया। जानिए कोरोना संक्रमण के बीच लोगों ने कैसे बनाया सुरक्षित रक्षाबंधन...

सावन का समापन... शिवालयों में भोलेनाथ का जलाभिषेक कर विशेष शृंगार किया गया, घर-घर हुई पूजा
रक्षाबंधन के साथ सावन महीने का भी समापन हो गया है। इस बार पहले तीन सोमवार तो भक्तों को फिजिकल डिस्टेंसिंग के साथ भगवान भोलेनाथ के दर्शन का अवसर मिला, लेकिन आखिरी के 2 सोमवार लॉकडाउन के चलते भक्त और भगवान के बीच दूरियां बढ़ गईं। हालांकि, लोगों ने घर में ही मिट्टी का शिवलिंग बनाकर महादेव की आराधना की। इधर, शिवालयों में आखिरी सावन सोमवार के मौके पर सुबह भगवान का जलाभिषेक कर विशेष शृंगार किया गया। जानिए किस मंदिर में भगवान ने किस रूप में दिए दर्शन

सीएम बघेल से मिलीं सांसद छाया, करुणा और नायक, बांधी राखी
सांसद छाया वर्मा, पूर्व सांसद करुणा शुक्ला और राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष किरणमयी नायक ने सोमवार को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से मुलाकात कर उन्हें रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दी। राखी भी बांधी और उनकी लंबी उम्र की कामना की। वहीं सीएम ने परंपरा का निर्वहन करते हुए तीनों बहनों को साड़ियां और अन्य उपहार दिए। साथ ही उनकी रक्षा करने का संकल्प भी लिया।

51 पौधों की करेंगे देखरेख
मिशन संभव संस्था के सदस्यों ने इस मौके पर 51 पौधों को रक्षासूत्र बांधा और बड़े होने तक उनकी नियमिति देखरेख का संकल्प भी लिया। इस दौरान अध्यक्ष संजय आदिले, मेघा तिवारी आदि मौजूद रहे।

खिलाई मिठाई, बांटा मास्क
लायंस क्लब रायपुर कैपिटल ने ट्रैफिक जवानों समेत सभी कोरोना वॉरियर्स को राखी बांधी। मास्क, मिठाइयां और सैनिटाइजर वितरण भी किया। इस दौरान स्वाति बोजन, मधु यादव, राजेश चौरसिया मौजूद रहे।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
सांसद छाया वर्मा, पूर्व सांसद करुणा शुक्ला और राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष किरणमयी नायक ने मुख्यमंत्री को राखी बांधी।


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2PiIlUk
via

Comments