Skip to main content

सीएम भूपेश राजधानी में फहराएंगे तिरंगा, मंत्रियों के कार्यक्रम तय नहीं

इस बार कोरोना के साए में आजादी पर्व मनेगा। राजधानी में सीएम भूपेश बघेल पुलिस परेड ग्राउंड में 15 अगस्त को ध्वजारोहण करेंगे। राज्य व जिला स्तर पर सोशल-फिजिकल डिस्टेंसिंग के साथ संक्षिप्त समारोह होंगे। डॉक्टर्स, पुलिस, स्वास्थ्य और स्वच्छता कर्मियों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में सभी को मास्क पहनना होगा। राज्य, जिला, ब्लाक एवं पंचायत स्तर पर कार्यक्रमों में स्कूली छात्र-छात्राओं को एकत्र करने व सांस्कृतिक कार्यक्रमों पर रोक लगा दी है। जीएडी ने कहा है कि अतिथियों को भी सीमित संख्या में आमंत्रित किया जाएगा। बैठक व्यवस्था में सामाजिक एवं व्यक्तिगत दूरी का विशेष रूप से पालन किया जाएगा।
इस वर्ष कोविड-19 महामारी को ध्यान में रखते हुए विशेष सावधानी बरतने कहा गया है। जीएडी ने समारोहों में गृह मंत्रालय एवं स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा कोविड-19 से बचाव के लिए दी गई गाइड-लाइन का पालन करने कहा है। राजधानी में ध्वजारोहण के बाद पुलिस एवं अर्द्ध सैनिक बलों की टुकड़ियों द्वारा सलामी दी जाएगी। मुख्यमंत्री जनता के नाम संदेश देंगे। इसी तरह जिला स्तर पर स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा। जिला स्तरीय कार्यक्रम में भी कोरोना वारियर्स डॉक्टरों, पुलिस कर्मियों, स्वास्थ्य कर्मियों एवं स्वच्छता कर्मियों को विशेष रूप से आमंत्रित कर उन्हें सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में आने वाले सभी लोगों को मास्क पहनना और सामाजिक दूरी आदि का पालन करना अनिवार्य होगा।

आदिवासी दिवस पर कार्यक्रम नहीं
कोरोना संकट को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष विश्व आदिवासी दिवस पर सार्वजनिक कार्यक्रमों का आयोजन नहीं किया जाएगा। सीएम बघेल 9 अगस्त को जिलों में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से कार्यक्रमों को सं‍बोधित करेंगे। राज्य शासन द्वारा यह निर्णय लिया गया है कि कार्यक्रमों में वन अधिकार मान्यता पत्र के वितरण के साथ ही अजाक के आवासीय विद्यालय एकलव्य और प्रयास के उत्कृष्ट विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया जाएगा। अजजा विभाग के सचिव डी.डी. सिंह ने आयोजन के संबंध में सभी जिला कलेक्टरों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। कलेक्टरों से कहा गया है कि जिलों में वन अधिकार मान्यता पत्रों का वितरण करें।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2PtwYZK
via

Comments