Skip to main content

मारजूम में पहली बार फहरेगा तिरंगा, सरेंडर नक्सली और ग्रामीण करेंगे परेड

बस्तर और दंतेवाड़ा जिले की सरहद पर बसे धुर नक्सलगढ़ गांव मारजूम में इस स्वतंत्रता दिवस पर पहली बार राष्ट्रध्वज फहरेगा, राष्ट्रगीत होगा, सबसे खास और बड़ी बात ये कि यहां परेड भी होगी। ये स्कूली बच्चे या जवान नहीं बल्कि ग्रामीण, नक्सल पीड़ितों के साथ मिलकर सरेंडर नक्सली इसी गांव में परेज करेंगे। ये ज़िले का पहला गांव होगा जहां के ग्रामीण गांव में परेड करेंगे।
ये वह गांव है जहां अब तक नक्सली 15 अगस्त व 26 जनवरी को काला ध्वज ही फहराते रहे हैं। दबाव ऐसा रहा है कि अब तक कोई भी यहां राष्ट्रध्वज फहराने की जहमत नहीं उठा पाया था। साल 2020 का स्वतंत्रता दिवस इस गांव के लिए बड़ी खुशियां ला रहा है।
देश की आजादी के 73 साल बाद नक्सलियों के गढ़ में आजादी का जश्न मनाने की बड़ी तैयारी चल रही है। बताया जा रहा है इस दिन बड़ी संख्या में नक्सलियों का सरेंडर भी कराया जाएगा। मारजूम ही नहीं बल्कि इसके पड़ोसी गांव चिकपाल, परचेली में भी पहली बार तिरंगा फहरेगा, लेकिन बड़ा कार्यक्रम दंतेवाड़ा के अंतिम गांव धुर नक्सलगढ़ मारजूम में होगा। कलेक्टर दीपक सोनी, एसपी डॉ अभिषेक पल्लव सहित जिले के अन्य अफसर
भी शामिल होंगे। इसके पहले यहां सोमवार से ग्रामीणों ने परेड का अभ्यास भी शुरू कर दिया है।

समारोह में कोरोना गाइड-लाइन का पालन होगा: एसपी
एसपी डॉ अभिषेक पल्लव ने बताया कि मारजूम में इस बार स्वतंत्रता दिवस पर कार्यक्रम होगा। पहली बार यहां तिरंगा फहरेगा। कैंप खुलने के बाद यहां के ग्रामीणों का भरोसा सरकार के प्रति बढ़ा है। नक्सली लगातार सरेंडर कर रहे हैं। यहां विकास के कामों की भी शुरुआत हुई है। 15 अगस्त के कार्यक्रम की रिहर्सल भी शुरू कर दी गई है। चिकपाल, परचेली में भी राष्ट्रध्वज पहली बार फहराया जाएगा। कोरोना गाइड लाइन का पूरा पालन होगा।

10-10 की 5 टुकड़ी बनेगी सोशल डिस्टेंसिंग भी रखेंगे
धुर नक्सलगढ़ गांव मारजूम में होने वाली परेड में 5 अलग-अलग टुकड़ियां होंगी। पहली टुकड़ी लोन वर्राटू के तहत सरेंडर नक्सली, दूसरी टीम नक्सल पीड़ित ग्रामीण, तीसरी टुकड़ी डीआरजी में काम कर रहे स्थानीय युवाओं की, चौथी गांव के ग्रामीणों और पांचवी टीम महिलाओं की होगी। कोरोना वायरस को ध्यान में रखते हुए संख्या 10-10 की होगी और सोशल डिस्टेंसिंग का भी यहां ख्याल रखा जाएगा। ये टीम पहली बार परेड करेगी और राष्ट्रध्वज की सलामी भी लेगी।

पिछले साल हुई थी नक्सलगढ़ में तिरंगा फहराने की शुरुआत
26 जनवरी 2019 को धुर नक्सलगढ़ गांव रहे पाहुरनार व छिंदनार की सरहद इंद्रावती नदी के बीच एसपी डॉक्टर अभिषेक पल्लव ने तिरंगा फहराया था। अब यहां पुल बन रहा है। दावा है आने वाले 26 जनवरी तक पुल का काम इतना हो जाएगा कि ग्रामीण आना जाना कर सकें। इसके बाद 26 जनवरी 2020 को धुर नक्सलगढ़ गांव पोटाली में 20 साल बाद पहली बार तिरंगा फहरा था। अब यहां विकास के काम हो रहे हैं।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/30KsxQM
via

Comments