बुधवार देर रात को शुरू हुई बूंदाबांदी के बाद गुरुवार सुबह तेज बारिश हुई। करीब 10 घंटे तक चली तेज व धीमी बरसात ने जहां गर्मी से राहत दिलाई, वहीं एक्सप्रेस-वे के निचले हिस्सों में पानी भरने के बाद आफत बन गई। इस बारिश से जहां हाइवे का ट्रैफिक भी प्रभावित रहा, वहीं शहर की कई सड़कों पर भी जलभराव होने से आने-जाने वाले लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। गुड़गांव में सबसे अधिक बारिश पटौदी क्षेत्र में 150 एमएम दर्ज की गई। जबकि ओवरऑल जिला में 90 एमएम बारिश हुई। यह जिले में इस सीजन की पहली बारिश है, जब 30 एमएम से अधिक हुई है। इस बारिश से किसानों ने भी राहत की सांस ली है। वहीं बारिश के अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस से लुढककर 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इन कालोनी और सड़कों पर हुआ जलभराव, जिससे शहरवासियों को परेशानी उठानी पड़ी
इस बारिश से शहर के सिविल लाइन, सैक्टर 4/7 रोड, भीमनगर, अर्जुन नगर, गांधी नगर, बसई रोड, पटौदी रोड व नए गुडग़ांव के कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बन गई। जिससे शहरवासियों को परेशानी उठानी पड़ी। कई क्षेत्रों में तो एक से दो फुट पानी जमा हो गया, जो नगर निगम के मानसून से बचाव के दावों की पोल खोलता दिखाई दिया। नगर निगम प्रतिवर्ष नालों, नालियों व ड्रेनेज की सफाई पर करोड़ों रुपए खर्च करता है, लेकिन इस सबके बावजूद भी शहरवासियों को जलभराव की समस्या का सामना करना पड़ता है।
बारिश के दौरान अर्बन व रूरल में बिजली सप्लाई रही ठप
गुड़गांव में गुरुवार अलसुबह से रुक-रुककर करीब 10 घंटे तक बारिश हुई, बारिश से अर्बन व रूरल एरिया में बिजली सप्लाई ठप रही। पटौदी, मानेसर, खेंटावास, डाबोदा, भोड़ाखुर्द, जमालपुर, ऊंचा माजरा, बिलासपुर आदि स्थानों पर तेज बारिश के बाद बिजली की कहीं केबल डैमेज हो गई तो कहीं पर जम्पर टूट गए। इसके बाद सुबह तक बिजली सप्लाई सुचारु नहीं हो पाई। वहीं 11केवी लाइन भी बारिश के बाद कई स्थानों पर ठप रही।
इधर... बारिश से झुग्गी पर गिरी कंपनी की दीवार, दबने से 2 मजदूरों की मौत, 2 गंभीर
गुड़गांव में बुधवार देर रात से हो रही तेज बरसात में सेक्टर-66 में एमआर कंपनी की एमआर मारवल सोसायटी की दीवार गिरने से उसके नीचे दबकर दो मजदूरों की मौत हो गई। जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराकर उनके परिजनों को सौंप दिए। सेक्टर 65 थाना पुलिस ने एमआर कंपनी प्रबंधन के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने मामला मृतक करण साहू के भाई विशाल साहू की शिकायत पर दर्ज किया है। छत्तीसगढ़ के जिला मुंगेली के गांव खेड़ा के रहने वाले विशाल साहू ने बताया कि वह अपने भाई करण साहू के साथ सेक्टर 66 में बनी झुग्गी में रहते हैं। वह और उसका भाई पेंटर का काम करते हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3kKlZtd
via
Comments
Post a Comment