Skip to main content

सेल्समैन ने लिए राशन के ज्यादा दाम, कबूल भी किया, ग्रामीणों ने की एसडीएम से शिकायत

क्षेत्र में कोरोना काल के बाद से उचित मूल्य दुकानों में अधिक रेट लेकर अनाज देने का जो सिलसिला शुरू हुआ था वह थमने का नाम नहीं ले रहा। आज भी कई दुकानों में राशन कार्ड धारकों से अधिक रेट पर चावल व अन्य खाद्यान्न देने की शिकायत आ रही है। अधिकारियों की समझाइश और आदेश देने के बाद भी उचित मूल्य दुकानदारों द्वारा अधिक दर पर खाद्यान्न देने की शिकायत आ ही रही है। आज ग्राम पंचायत ऐसेवेड़ा तथा नवनिर्मित पंचायत गोविंदपुर के ग्रामीणों ने वहां संचालित दुकानदार से अधिक दर पर खाद्यान्न देने की शिकायत एसडीएम पखांजूर से करते दुकान के सेल्समैन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम पंचायत ऐसेवेड़ा में माह जुलाई और अगस्त के लिए शासन की ओर से गरीब परिवारों को अतिरिक्त चावल का आवंटन दिया गया है। साथ ही पूर्व से मिल रहे खाद्यान्न के लिए रेट भी कम किया गया है।
किसी हितग्राही से अतिरिक्त वसूली और कम खाद्यान्न न मिले इसके लिए सभी उचित मूल्य दुकान को पूरी सूची उपलब्ध करा दी गई है। इसके बाद भी ऐसेबेड़ा के दुकानदार ने अधिकारियों के निर्देशों के साथ प्राप्त सूची को भी कचरे के डब्बे में फेंक दिया और लोगों से अतिरिक्त वसूली करते रहे। अधिक दाम पर राशन लेने के बाद लोगों को पता चला कि इस माह के चावल और पिछले माह के चावल का दाम कम देना है। उचित मूल्य दुकानदार ने 20 से 25 रूपए तक की अतिरिक्त वसूली कर ली है।
दुकानदार ने ज्यादा राशि लेना कबूल किया : दुकानदार से ग्रामीणों ने इस सबंध में बात की तो वह मुकरता रहा पर जब बूरी तरह से फंस गया तो उसने जानकारी नहीं होने की बात कर सभी के पैसे वापस करने को तैयार हो गया। ग्रामीणों के बीच पंचनाम भी बनाया जिसमें अतिरिक्त राशि वसूलने की बात कबूली और पैसे भी वापस करने का वायदा किया। दुकानदार ने अब तक लोगों के पैसे वापस नहीं किए जिसके बाद ग्रामीणों ने इसकी शिकायत एसडीएम पखांजूर से की और दुकानदार पर कार्रवाई की मांग की है।

ग्राम पंचायत कर रही दुकान का संचालन
ग्राम पंचायत ऐसेबेड़ा की उचित मूल्य दुकान का संचालन पंचायत द्वारा किया जाता है और इसमें सेल्स मैन के रूप में ग्राम पंचायत के ही एक वार्ड पंच सुधीर अधिकारी को दिया गया है। इस पंचायत से इस वर्ष अलग हो एक और पंचायत गोविंदपुर बनी है पर वहां की उचित मूल्य दुकान अलग नहीं हुई है ऐसे में दोनों पंचायत के लोगों को खाद्यान्न देने का जिम्मा एक ही उचित मूल्य दुकान पर है।
सेल्समैन झूठ बोल रहा, होगी कार्रवाई
सहायक खाद्य अधिकारी जयवर्धन ठाकुर से जानकारी ली गई तो उन्होंने बताया कि खाद्यान वितरण के पूर्व ही सभी दुकानदारों को इस माह के लिए कार्ड के आधार पर आबंटन और कितनी राशि लेनी है उसकी पूरी सूची दे दी गई थी। इसके बाद भी कोई दुकानदार कहता है कि उसे जानकारी नहीं थी तो वह झूठ बोलता है। ग्रामीणों की शिकायत मिली है दुकानदार पर कार्रवाई की जाएगी।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Salesmen accepted higher prices of ration, even confessed, villagers complain to SDM


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3b06Uj4
via

Comments