पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय से फर्स्ट ईयर में दाखिले की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। लेकिन पीजी में प्रवेश को लेकर अब भी अनिश्चितता की स्थिति बनी है। इसलिए इसमें अभी देरी होगी। वह इसलिए क्योंकि पीजी में दाखिला अंतिम वर्ष के नतीजों के आधार पर होगा, लेकिन अभी इसकी पूरी परीक्षा ही नहीं हुई। अंतिम वर्ष की स्थगित परीक्षाएं अगले महीने से दोबारा शुरू होने की संभावना है।
रविवि अध्ययनशाला में भी इस बार विभिन्न पीजी कक्षाओं में प्रवेश मेरिट के आधार पर हो सकता है। क्योंकि, कोराना काल में प्रवेश परीक्षा का आयोजन मुश्किल है। शिक्षाविदों का कहना है कि कुछ साल पहले तक मेरिट के आधार पर ही प्रवेश होता था। बाद में अध्ययनशालाओं में प्रवेश के लिए एंट्रेंस एग्जाम का आयोजन किया जाने लगा। यही नहीं अध्ययनशाला में हर साल साइंस की सीटों के लिए मारामारी रहती है। जबकि आर्ट्स संकाय के अधिकांश सीटें खाली रहती हैं। इसलिए आर्ट्स में मेरिट के आधार पर प्रवेश होने से समस्या नहीं होगी। हालांकि, अभी इस संबंध में विवि से कोई निर्देश जारी नहीं हुआ है।
परीक्षा खत्म होने के बाद प्रवेश की प्रक्रिया शुरू होगी
शिक्षाविदों का कहना है कि अंतिम वर्ष की परीक्षा खत्म होने के बाद प्रवेश की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। क्योंकि मार्च में एनुअल एग्जाम शुरू हुए। कुछ दिन तक परीक्षाओं का आयोजन हुआ। फिर लॉकडाउन और कोरोना वायरस की वजह से परीक्षाएं स्थगित की गई। इससे पहले अंतिम वर्ष के तहत कई विषयों की परीक्षा हो चुकी है। कई विषय बचे हैं। परीक्षा की अनुमति मिलने के बाद जल्द आयोजन होगा। परीक्षा खत्म होने के कुछ दिनों के बाद ही प्रवेश के लिए आवेदन मंगाए जाएंगे ताकि अंतिम वर्ष के नतीजे आने पर सीधे प्रवेश दिया जा सके।
फर्स्ट ईयर में प्रवेश के लिए दूसरा चरण 25 से
रविवि से जुड़े कॉलेजों में प्रवेश की प्रक्रिया चल रही है। पहले चरण की सीटें आबंटित की जा चुकी हैं। 24 अगस्त तक इन पर प्रवेश होगा। इसके बाद 25 अगस्त से दूसरे चरण के लिए आवेदन मंगाए जाएंगे। इस बार आवेदन के लिए सिर्फ दो दिनों का समय दिया जाएगा। अफसरों का कहना है कि 27 को मेरिट लिस्ट जारी हो जाएगी। फिर आबंटित सीटों पर प्रवेश के लिए छात्रों को कुछ दिन का समय दिया जाएगा। सीटें खाली रहने पर 31 अगस्त को ओपन काउंसिलिंग होगी। यह सभी वर्ग के लिए रहेगी। कॉलेजों के प्राचार्य नियमानुसार प्रवेश देंगे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3aNAecn
via
Comments
Post a Comment