Skip to main content

फर्स्ट ईयर की खाली सीटों पर अब कुलपति की अनुमति से होगा प्रवेश

कॉलेजों में फर्स्ट ईयर में दाखिले का दूसरा चरण भी खत्म हो गया है। सोमवार को मेरिट लिस्ट के अनुसार छात्रों को प्रवेश दिया गया। फर्स्ट ईयर की खाली सीटों पर अब प्रवेश कुलपति की अनुमति से होगा। एडमिशन कैसे होगा? इसकी प्रक्रिया क्या रहेगी? इस संबंध में रविवि से मंगलवार को निर्देश जारी किए जाएंगे।
पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के अधिकारियों का कहना है कि फर्स्ट ईयर में दाखिले के लिए अगस्त में ऑनलाइन आवेदन मंगाए गए। मेरिट लिस्ट के अनुसार छात्रों को संबंधित सीटों पर प्रवेश दिया गया। सोमवार को प्रवेश का दूसरा चरण भी खत्म हो गया। अब कुलपति की अनुमति से प्रवेश होगा। दो चरण के बाद कॉलेजों में कितनी सीटें खाली है? यह जानकारी सामने आने के बाद ही दोबारा प्रवेश शुरू होगा। इसलिए कॉलेजों को पत्र लिखकर सीटों की जानकारी मांगी गई है। उनसे पूछा गया है कि दो चरण में कितनी सीटें भरीं और कितनी खाली रह गई हैं। मंगलवार को यह जानकारी सामने आने के बाद एडमिशन के संबंध में निर्णय होगा। गौरतलब है कि इस बार दो चरण की प्रवेश प्रक्रिया के बाद भी प्राइवेट कॉलेजों में बड़ी संख्या में सीटें खाली हैं। सरकारी कॉलेजों की स्थिति कुछ बेहतर है, लेकिन यहां भी कई कोर्स में सीटें खाली हैं। कई प्राइवेट कॉलेजों में 40 से 45 फीसदी तक प्रवेश हुए हैं। शिक्षाविदों का कहना है कि कोरोना काल में परीक्षाओं के बाद अब प्रवेश पर भी असर पड़ रहा है। इस सत्र में कुछ प्राइवेट कॉलेजों को छोड़कर अन्य प्राइवेट कॉलेजों में 60 प्रतिशत तक प्रवेश भी हो जाए तो अच्छा है।
आवेदन के लिए फिर मिल सकता है अवसर : फर्स्ट ईयर में दाखिले के लिए पिछले दिनों ऑनलाइन आवेदन मंगाए गए। इसके अनुसार मेरिट लिस्ट से छात्रों को प्रवेश दिया गया। कई छात्र ऑनलाइन आवेदन नहीं कर पाए। वहीं दूसरी ओर कई ऐसे भी छात्र थे, जिन्होंने ऑनलाइन आवेदन में विकल्प के तौर पर एक-दो कॉलेजों का चयन किया। इन कॉलेजों में इनका प्रवेश नहीं हुआ। इस तरह से फिर से छात्रों को आवेदन का अवसर मिल सकता है। विवि के अफसरों का कहना है कि प्रवेश को लेकर विस्तृत निर्देश मंगलवार को जारी किए जाएंगे।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
फाइल फोटो।


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3beIGl2
via

Comments