Skip to main content

फाफाडीह अंडरब्रिज से पानी निकालना मुश्किल, बारिश से ट्रैक की मिट्टी धंसने का खतरा

फाफाडीह रेलवे क्रॉसिंग के पास अंडरब्रिज का 25 फीट गहरा विशाल गड्ढा लबालब होने से पानी निकालना भी मुश्किल हो गया है। यही नहीं, पीडब्ल्यूडी इंजीनियरों ने तालाब की तरह भरे गड्ढे और इससे लगे रेलवेलाइन के बेस के निरीक्षण में पाया कि अगर पानी निकाला जाएगा तो पटरी से नीचे की मिट्टी धंसकने का खतरा है, क्योंकि लंबे समय से पानी भरा होने से मिट्टी में खासी नमी अा गई है। पिछले 24 घंटे से लगातार हो रही बारिश की वजह से गड्ढा ओवरफ्लो होने की स्थिति में है। इससे इंजीनियरों की बेचैनी और बढ़ गई है।
फाफाडीह में डीआरएम मुख्यालय के पास बन रहे रेलवे अंडरब्रिज का काम करीब ढाई साल से बंद है। इस बार बारिश अच्छी है, इसलिए फोरलेन अंडरब्रिज के साइज से खोदा गया गड्ढा अब तालाब का रूप ले चुका है। मौके पर पहुंची भास्कर टीम के मुताबिक पानी की सतह और ऊपर से गुजर रही वाल्टेयर लाइन के पटरियों के बीच बमुश्किल 7-8 फीट का गैप है। चूंकि ऊपर की लेयर पानी की सतह को छू रही है, इसलिए इस मोटाई वाले हिस्से में भी नमी की वजह से खतरा बढ़ गया है। भास्कर ने ही इस खतरे की ओर रेलवे और पीडब्ल्यूडी का ध्यान खींचा था। अंडरब्रिज को अधूरा छोड़ने वाले और पानी नहीं निकालने के लिए जिम्मेदार निर्माण एजेंसी पर विभाग कोई कार्रवाई नहीं कर पा रहा है। अफसरों का कहना है कि जीएस एक्सप्रेस का मालिक लखनऊ में रहता है और लॉकडाउन का बहाना करके वह यहां नहीं आ रहा है। राजधानी में तीन बड़े प्रोजेक्ट एक ही एजेंसी जीएस एक्सप्रेस कंपनी के पास ही हैं और यह तीनों भी अधूरे ही हैं।

बेहद उपयोगी होगा अंडरब्रिज
दरअसल यह राजधानी पहला फोरलेन अंडरब्रिज प्रोजेक्ट है, जिसमें बस व ट्रक भी आसानी से गुजर सकेंगे। यह अंडरब्रिज रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे को जोड़ेगा। रायपुर-बिलासपुर से सीधे कनेक्ट होने के कारण इस सड़क पर सुबह से देर रात तक ट्रैफिक का जबरदस्त दबाव रहता है। इस वजह से यहां भी अंडरब्रिज जरूरी है। सुबह से शाम तक दिन में जितनी दफे भी इस ट्रैक पर ट्रेनें व मालगाड़ियां आती-जाती हैं और रेलवे क्रासिंग बंद की जाती है, जिससे दिन में कई बार लंबा जाम लग रहा है।

विकल्प पर विचार : पीडब्ल्यूडी
वाल्टेयर लाइन के नीचे फाफाडीह अंडरब्रिज के गड्ढे में भरा पानी निकालेंगे तो पटरी किनारे की मिट्टी धंसने का खतरा हो सकता है। रेलवे इंजीनियरों के साथ मिलकर वैकल्पिक इंतजाम पर विचार कर रहे हैं।
एसके कोरी, सीई , पीडब्ल्यूडी-ब्रिज डिजीजन



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Difficult to remove water from Fafadih underbridge, rain threatens to sink track's soil


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/316FBAl
via

Comments