Skip to main content

99 नए केस: बीजापुर में 3 डाॅक्टर 35 जवान समेत 49 लोग संक्रमित

कोरोना संक्रमण अब आम लोगों के अलावा मेडिकल स्टाफ को भी अपना निशाना बनाने लगा बीजापुर के जिला हॉस्पिटल में तैनात तीन डाॅक्टर एक साथ कोरोना की चपेट में आ गए हैं। यही नहीं, यहां 35 जवानों समेत कुल 49 लोग कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। बीजापुर में यह पहला मौका है जब इतनी बड़ी संख्या में एक साथ कोरोना पॉजिटिव मरीज सामने आए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार रविवार शाम तक इसके अलावा बस्तर जिले से भी 23 नए कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इनमें लालबाग के एक ही परिवार के 5 सदस्यों के अलावा एक 15 साल की बालिका भी शामिल है। रविवार को शहर के अलग-अलग हिस्सों से करीब 20 नए कोरोना पॉजिटिव सामने आए हैं। बस्तर में लगतार कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है।

नई मशीन से आज से शुरू होगी जांच, बढ़ेंगे मरीज

इधर मेकॉज में कोरोना के आरटीपीसीआर की जांच के लिए नई ऑटोमेटिक मशीन आ गई है और इसमें पिछले दो दिन से सैंपल की जांच टेस्टिंग के तौर पर की जा रही थी। अब सोमवार से इस मशीन से सैंपल की जांच शुरू की जाएगी। जानकार बता रहे हैं कि मशीन से जांच शुरू होते ही हर दिन करीब दो हजार सैंपल की जांच कुछ ही घंटों में हो जाएगी। ऐसे में जांच में तेजी आएगी तो पॉजिटिव मरीजों की संख्या में भी इजाफा होगा।
बस्तर जिले से 23 मरीज, कांकेर में 12 संक्रमित

इधर रविवार को संभाग के छह जिलों में कुल 99 नए कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं इनमें सबसे ज्यादा पॉजिटिव बीजापुर से 49, बस्तर से 23, दंतेवाड़ा से 9, नारायणपुर से 5, कांकेर से 12 और कोंडागांव से 2 मरीज मिले हैं। यह आंकड़े समाचार लिखे जाने तक के हैं।

बफर वार्ड में आ रहे मरीज पर सुरक्षा के साधन नहीं
इधर मेकॉज में भर्ती होने वाले सभी मरीजों के कोरोना टेस्ट और टेस्ट रिपोर्ट आने तक इलाज की व्यवस्था करने के लिए बफर वार्ड बनाया गया है। इस बफर वार्ड में हर रोज औसत तीस से ज्यादा मरीज भर्ती हो रहे हैं लेकिन यहां तैनात स्टाफ को न तो पीपीई किट दी गई है और न ही कोरोना संक्रमण से बचने के लिए कोई विशेष सामान उपलब्ध करवाया गया है।

मरीजों के संपर्क में आए लोगों की ट्रेसिंग में देरी

इधर शहर में मिलने वाले कोरोना मरीजों के प्रत्यक्ष संपर्क में आए लोगों की ट्रेसिंग के बाद जांच में लापरवाही बरती जा रही है। एक कोरोना मरीज के संपर्क में आए परिवार ने बताया वे जिस व्यक्ति के संपर्क में आए थे उसे 16 तारीख को पॉजिटिव घोषित किया था इसके बाद से स्वास्थ्य विभाग का कोई कर्मचारी पूछताछ करने को ही नहीं आया था।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
99 new cases: 49 people, including 3 doctors, 35 jawans infected in Bijapur


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3aOLZz6
via

Comments