राम की भक्ति में झूमे उपाध्याय, दूधाधारी मठ में एनएसयूआई ने जलाए 5001 दीये, भाजपाइयों ने किया रामायण-सुंदरकांड का पाठ
भगवान राम के मंदिर निर्माण के लिए अयोध्या में हुए भूमिपूजन को यादगार बनाने के लिए कांग्रेस भी पीछे नहीं रही। कांग्रेस विधायक और संसदीय सचिव विकास उपाध्याय ने जहां अपने निवास पर सुंदरकांड और रामकथा का आयोजन किया वहीं शहर जिला कांग्रेस ने पटाखे फोड़कर मिठाइयां बांटी वहीं एनएसयूआई नेताओं ने दूधाधारी मठ में दीप जलाकर भगवान राम को याद किया।
मंगलवार को राजधानी में एक लाख दीया बांटने के बाद उपाध्याय ने बुधवार को दिन भर कई कार्यक्रम आयोजित करवाए। उन्होंने बताया कि सुबह दूधाधारी मठ में महंत रामसुंदर दास की मौजूदगी में भजन का आयोजन किया गया। इसके बाद भजन सम्राट दिलीप षड़ंगी द्वारा रचित भगवान राम की महिमा का बखान करते हुए पेश किए गए भक्तिगीत पर उपाध्याय झूमने लगे। षडंगी ने एक दिन पहले ही संस्कृति मंत्री अमरजीत भगत औैर पर्यटन मंत्री ताम्रध्वज साहू से अपने इस भक्तिगीत का विमोचन करवाया था।
21 पंडितों से कराया सुंदरकांड
इस दौरान अपने निवास पर उन्होंने 21 पंडितों से सुंदरकांड का पाठ कराया। इस दौरान वे पूरे समय गेरुए वस्त्र में ही नजर आए। दरअसल उपाध्याय राम मंदिर भूमिपूजन को लेकर शुरु से ही सक्रिय हैं। उन्होंने इस दौरान भाजपा पर भगवान राम के नाम पर राजनीति करने आरोप भी लगाया। आज के कार्यक्रम के दौरान संसदीय सचिव चिंतामणि महाराज सांसद छाया वर्मा,प्रतिमा चंद्राकर भी मौजूद थे।
शहर जिला कांग्रेस ने बांटी मिठाइयां
दूसरी और शहर जिला कांग्रेस द्वारा गांधी मैदान में शहर अध्यक्ष गिरीश दुबे के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजियां कर मिठाई बांटी। दुबे ने कहा कि भारत के पूर्व प्रधानमंत्री स्वः राजीव गांधी ने जो सपना देखा था, वो आज पूरा होता नजर आ रहा है। इस अवसर पर सुनीता शर्मा, कामरान अंसारी, राजू नायक, जी श्रीनिवास, सुयश शर्मा, गौतम यादव, विशाल रजाणी, भूपत महोबिया, जावेद दद्दा, सुजित चैहान, ईमान खान, अभिषेक अवधिया आदि उपस्थित थे।
एनएसयूआई ने जलाए दीये
एनएसयूआई अध्यक्ष आकाश शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश में दीए जलाए। दूधाधारी मठ में 5001 दीपों जलाए गए। शर्मा ने कहा कि इस महापर्व को पूरे प्रदेश में बेहद हर्ष और उल्लास के साथ मनाया गया क्योंकि भगवान राम का ननिहाल छत्तीसगढ़ है। इस दौरान, हनी बग्गा, हेमंत पाल, तुषार गुहा, विनोद कश्यप, निखिल बंजारी,सचिव विशाल दुबे आदि मौजूद थे।
111 किलो सेब का चढ़ावा
एमआईसी सदस्य नागभूषण राव ने बीरगांव के राम व हनुमान मंदिर में 11 किलो लड्डू व 111 किलो सेब चढ़ाए। मंदिर में 11 दीप भी जलाए गए। इस अवसर पर शिव शंकर, अजय सिंह,जैकी शर्मा, रीतेश थापा, राजेश पाठक विनोद देवांगन, दिलीप गुप्ता आदि मौजूद थे।
भाजपाइयों ने किया रामायण-सुंदरकांड का पाठ, घरों में दीप जलाकर मनाई दिवाली
भाजपा नेता व कार्यकर्ताओं ने बुधवार को पूरे प्रदेश में घर-घर रामायण, सुंदरकांड, राम रक्षा स्तोत्र, हनुमान चालीसा, बजरंग बाण का पाठ किया। अपने घरों में भगवा ध्वज फहराकर राम मंदिर निर्माण की शुरुआत की खुशी मनाई। शाम को घरों में दीप जलाकर दिवाली मनाई। एकात्म परिसर व कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में रोशनी कर दीप पर्व मनाया। पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह ने कहा है कि मंदिर निर्माण की शुरुआत करोड़ों हिंदुओं की आकांक्षाओं की जीत का पर्व और सैकड़ों वर्षों की गुलामी का कलंक धुलने की अविस्मरणीय बेला है।
पीएम नरेंद्र मोदी जब अयोध्या में भव्य राम मंदिर के लिए भूमिपूजन कर रहे थे, तब पूर्व सीएम डॉ. रमन पत्नी वीणा सिंह, बहू व पोती के साथ राम मंदिर में आरती में शामिल हुए। उनके साथ पूर्व मंत्री राजेश मूणत भी थे। नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक वे सिरगिट्टी में राम मंदिर में दर्शन किया। राज्यमंत्री रेणुका सिंह ने धार्मिक अनुष्ठान किया। पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने अपने घर पर धार्मिक आयोजन किया। सांसद सुनील सोनी ने चंदखुरी में माता कौशल्या के दर्शन किए। प्रवक्ता सच्चिदानंद उपासने ने डीडीनगर गोल चौक पर आतिशबाजी कर प्रसाद वितरण किया। संजय श्रीवास्तव ने घर पर सुंदरकांड का पाठ कराया। अजजा मोर्चा के अध्यक्ष रामविचार नेताम सहित अधिकांश नेताओं ने सुबह टीवी पर राम मंदिर भूमिपूजन का लाइव टेलीकास्ट देखा।
पीएम ने दिया विश्व को संदेश
पूर्व सीएम रमन ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने विश्व को संदेश दे दिया है कि भारत अब स्वाभिमान, समृद्धि और शक्ति संपन्न आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में विश्व को नेतृत्व देने की दिशा में बढ़ चुका है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/31CvL8n
via
Comments
Post a Comment