मोबाइल फोन और सोशल मीडिया पर लाखों की फर्जी लॉटरी का झांसा देकर ठगी करने वालों का गिरोह इन दिनों सक्रिय है। लाखों की फर्जी लॉटरी का लालच देने वालों से बेहद सावधान रहने की जरूरत है। मनेंद्रगढ़ में रहने वाले शिक्षक सतीश उपाध्याय के व्हाट्सएप नंबर पर ठग गिरोह ने एक इमेज सेंड की है, जिसमें यह दर्शाया गया है कि केबीसी की तरफ से लकी ड्राॅ करवाया गया है, जिसमें आपके इस नंबर पर 25 लाख की लॉटरी लगी है, अगर आप लॉटरी कैश कराना चाहते हैं तो पेपर के ऊपर लिखे नंबर पर कॉल कीजिए। इसके अलावा शिक्षक के मोबाइल पर ठग गिरोह ने कॉल भी किया है। कॉल करने वाले शख्स ने कहा कि वह केबीसी और व्हाट्सएप कंपनी के दिल्ली स्थित हेड ऑफिस से बोल रहा है। आपकी 25 लाख की लॉटरी लगी है। आपको और आपकी फैमिली को बधाई, अगर आप लॉटरी का पैसा कैश करना चाहते हैं तो आपके व्हाट्सएप पर एक लॉटरी पेपर सेंड किया गया है। उसके ऊपर हमारे ऑफिस के व्हाट्सएप नंबर लिखे हैं। उन व्हाट्सएप नंबरों पर ही आपको कॉल करनी है। नंबर को सेव कर लें। व्हाट्सएप टू व्हाट्सएप कॉल करने के लिए कहा गया है। जब आप व्हाट्सएप कॉल लगाएंगे तब वह आपसे लॉटरी नंबर पूछेंगे। उनको लॉटरी नंबर बताने पर वह आपको तमाम जानकारी देंगे कि लॉटरी का पैसा कहां से मिलेगा और क्या करना पड़ेगा। साथ ही इस बात की भी हिदायत दी गई है कि लॉटरी के संबंध में कोई पब्लिसिटी नहीं करनी है और न ही इस विषय में किसी से कोई चर्चा करनी है, क्योंकि इससे इन्कम टैक्स की परेशानी आ सकती है। यहां से टैक्स क्लीयर कर राशि आपके अकाउंट में सेंड की जाएगी। शिक्षक सतीश उपाध्याय ठग गिरोह के झांसे में नहीं आए हैं। उन्होंने ऐसे गिरोह से लोगों को बचने की समझाइश दी है। बता दें कि इसी प्रकार की एक घटना में गुरुद्वारा श्री गुरूसिंह सभा मनेंद्रगढ़ के सेवक 55 हजार की धोखाधड़ी का शिकार हो चुके हैं। सेवक सरदार कुलविंदर सिंह के पास भी 9 जुलाई 2020 को उनके मोबाइल पर कॉल आया, जिसमें उनकी 25 लाख की लॉटरी लगी होने की सूचना दी गई और लॉटरी की रकम को कैसे प्राप्त करना है। इसमें गुमराह कर उनसे किश्तों में 55 हजार ठग लिए गए। उनके द्वारा मनेंद्रगढ़ पुलिस थाने में घटना की लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की गई, लेकिन आज तक ऐसे मामलों में कोरिया पुलिस को सफलता हाथ नहीं लग सकी है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2YD8EcQ
via
Comments
Post a Comment