बस्तर का द्वार कही जानी वाली केशकाल घाटी वैसे तो फूलों की घाटी के नाम से मशहूर है लेकिन बारिश में यहां का सौंदर्य किसी हिल स्टेशन से कम नहीं होता है। वर्तमान में बस्तर संभाग में अच्छी बारिश हो रही है। इससे घाटी में हरियाली तो छाई है ही, साथ ही बारिश के बाद पूरे घाटी में कोहरा छाने लगा है। यह नजारा यहां से गुजरने वालों को न सिर्फ अपनी ओर खींचता है बल्कि वहां रूक कर यादगार तस्वीरें लेने पर भी मजबूर कर देता है। गुरुवार को जगदलपुर में 10.6 मिमी बारिश हुई।
दिन का तापमान सामान्य से 4 डिग्री कम रहा
बीते दो दिनों से हल्की बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। गुरुवार को दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री कम 25.7 डिग्री रहा। जबकि न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री रहा। शहर में 24 घंटे में 10.6 मिमी बारिश हुई। इधर मौसम विभाग ने अगले 24 से 48 घंटे तक मौसम के ऐसे ही बने रहने की संभावना जताई है।
घाटी में बाईपास का काम एक साल से बंद
घाटी से होकर रोजाना औसतन 15 हजार वाहन गुजरते हैं। घाट होने के कारण यहां अक्सर जाम लगता रहा है। यही कारण है की यहां चार सालों पहले 11.3 किमी बाईपास मार्ग बनाना शुरू किया गया। शुरू से यहां काम बेहद धीमी गति से हो रहा है तथा अभी तो पिछले एक साल से काम बंद पड़ा है। केशकाल व कांकेर बाईपास का निर्माण एक ही ठेकेदार कर रहा है।
नॉलेज: 110 साल पहले बनी थी घाटी की सड़क
केशकाल घाटी में सड़क का निर्माण आजादी के पहले वर्ष 1910 में अंग्रेजों ने कराया था। पहले यहां केवल सिंगल सड़क थी। घाटी में जाम लगना आए दिन की कहानी थी। पिछले दो दशकों से सड़क में काफी सुधार कार्य हुआ है तथा सड़क चौड़ीकरण भी हो चुका है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/31xvYut
via
Comments
Post a Comment