हवाई यात्री हुए दोगुने, अगस्त के अंतिम दो हफ्ते में राजधानी से 20 हजार लोगों ने किया सफर, फ्लाइट भी बढ़ीं
लाॅकडाउन खत्म होने के तुरंत बाद हवाई यात्री को लेकर यात्रियों की बेचैनी अब कम होने लगेगी। अनलाॅक केे बाद यानी जून में हर हफ्ते में करीब 3000 यात्री सफर कर रहे थे। लेकिन अगस्त के आखिरी के 2 हफ्तों में यात्रियों की संख्या दस-दस हजार से ज्यादा है। यही नहीं, अगस्त में राजधानी से फ्लाइट भी 6 गुना बढ़ गई है। अनलाॅक के तुरंत बाद 10 फ्लाइट शुरू हुई थीं, जबकि पिछले दो हफ्ते से रायपुर से 66 उड़ानें संचालित होने लगी हैं।
एयरपोर्ट अथॉरिटी से मिली जानकारी के अनुसार अभी 17 से 23 अगस्त तक 11926 और 23 से 30 अगस्त तक 14942 यात्रियों ने सफर किया है। इन लगातार 2 हफ़्तों में 132 और 166 उड़ानें संचालित की गई। अफसरों को इस बात से राहत मिली है कि अब यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। मई की तुलना में 26 फीसदी यात्रियों की संख्या बढ़ गई है। इस हफ्ते इंदौर, लखनऊ, अहमदाबाद, भुनेश्वर की नई फ्लाइट शुरू होने की वजह से भी यात्रियों की संख्या बढ़ी है। यात्रियों की संख्या बढ़ने के कारण ही पटना और चंडीगढ़ के लिए भी फ्लाइट शुरू की गई है।
एयरपोर्ट रोज सेनिटाइज : लॉकडाउन खुलने के बाद 25 से 31 मई तक केवल 2056 यात्रियों ने ही सफर किया था। एयरपोर्ट के डायरेक्टर राकेश आर सहाय ने बताया कि घरेलू उड़ानों के लिए लगातार राहत मिलने के बाद ही उड़ानों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। इस वजह से अब हर हफ्ते यात्रियों की संख्या बढ़ रही है।
कोरोना के बचने के लिए रोजाना रात में एयरपोर्ट को सैनिटाइज किया जा रहा है। एयरपोर्ट परिसर में सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क लगाना अनिवार्य है। यात्रियों-कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए कोरोना गाइडलाइन के नियमों का पालन सख्ती से किया जा रहा है।
95 हजार यात्रियों ने रद्द कराई रिजर्व टिकट
लॉकडाउन के दौरान ट्रेनों के परिचालन ठप होने से बड़ी संख्या मैं यात्रियों का टिकट कैंसिल हुआ है। रेलवे का रिजर्वेशन काउंटर खुलने के साथ ही यात्रियों की भीड़ बढ़ती चली गई। अबतक रायपुर रेल मंडल सहित पूरे जोन में तीन लाख 95 हजार यात्रियों ने अपनी यात्रा टिकट को रद्द करवाया। इस दौरान रेलवे प्रशासन ने 25 करोड़ 43 लाख 66 हजार 612 रुपए का रिफंड यात्रियों को किया है। अभी करीब दो महीने तक टिकट कैंसिलेशन जारी रहेगा। बता दें कि इस दौरान ई -टिकट का कैंसिलेशन भी हुआ है। दरसल, 65 फीसदी से अधिक यात्री ई-टिकट से ही सफर करने लगे हैं, इसलिए टिकट काउंटर पर अतिरिक्त भीड़ नहीं हो रही है।
बोर्ड के दिशा-निर्देश पर यात्रियों की सुविधा के लिए 22 मई से रायपुर, बिलासपुर, एवं नागपुर रेल मंडलों के विभिन्न आरक्षण काउंटर खोले गए हैं। रेल यात्रियों की बेहतर सुविधा के लिये आरक्षण केंद्र की संख्या योजनाबद्ध तरीके से बढ़ाई जा रही है। रायपुर से होकर गुजरने वाली स्पेशल ट्रेनों के आरक्षण तथा रद्दीकरण दोनों कार्य किए जा रहे हैं। सभी काउंटरों में कोविड-19 के प्रोटोकाल के तहत मास्क पहनने व सामाजिक दूरी का पालन करते हुए कार्य संचालित किए जा रहे हैं। साथ ही सभी को आरोग्य सेतु ऐप का प्रयोग करने की सलाह भी दी जा रही है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3bby6eL
via
Comments
Post a Comment