Skip to main content

कोरोना से कांग्रेस नेता की मौत, संभाग में मिले 115 नए केस, शहर में 38 संक्रमित

मेडिकल कॉलेज के कोविड हॉस्पिटल में भर्ती कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और जिला उपाध्यक्ष की इलाज के दौरान शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि रात ढाई बजे के करीब उन्होंने दम तोड़ दिया। कांग्रेस नेता की मौत के बाद शहर के लोग सकते और दहशत में हैं। कांग्रेसी नेता के अलावा उनके परिवार के कुछ अन्य सदस्य भी कोरोना पॉजिटिव हैं और उनका इलाज जारी है।
कांग्रेसी नेता को 23 अगस्त को हॉस्पिटल ले जाया गया था। 24 अगस्त को रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई तो उन्हें मेकॉज के कोविड हॉस्पिटल में भर्ती किया था। तीन दिन पहले अचानक सेहत बिगड़ने पर उन्हें आईसीयू में शिफ्ट किया था। इसके बाद उन्होंने शुक्रवार देर रात में दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि उन्हें कोरोना के अलावा डायबिटिज व कुछ दूसरी परेशानियां भी थी। इधर पूरे शहर में डर का माहौल है।

मेकॉज में छठवीं मौत
जिले में कोरोना से मरने वालों की संख्या 5 हो गई है। इसके अलावा मेकॉज में कोरोना का इलाज करवाते हुए दम तोड़ने वालों की संख्या 6 हो गई है। डाॅक्टरों के अनुसार अभी सबसे ज्यादा दिक्कत उन कोरोना पॉजिटिव मरीजों के साथ हो रही है जो दूसरी बीमारियों से भी ग्रसित हैं। एक बार कोरोना अटैक के बाद इन्हें रिकवर करने में समय लग रहा है।

चारामा की कोरोना पॉजिटव युवती का शव भेजा, पहले हुआ विवाद
इधर एक दिन पहले चारामा की जिस कोरोना पॉजिटिव युवती की मौत हुई थी उसके शव को गृहग्राम भिजवा दिया गया है। शव को लेने के लिए कांकेर से एक तहसीलदार को यहां भेजा गया था। सूत्र बता रहे हैं कि जब युवती के शव को मरच्यूरी से निकाला गया और तहसीलदार से शव के सुपुर्दनामा पर हस्ताक्षर करने कहा गया तो उन्होंने इंकार कर दिया। इसके बाद यह थोड़ी देर के लिए विवाद की स्थिति बनी इसके बाद आला अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ।

शहर में 270 से ज्यादा कंटेनमेंट जोन
पूरे संभाग में कोरोना तेजी से फैल रहा है खासतौर पर जगदलपुर में कोरोना तेजी से बढ़ रहा है और हर दिन यहां अलग-अलग इलाकों से नये-नये मरीज सामने आ रहे हैं। शहर में कोरोना की रफ्तार को इससे ही समझा जा सकता है कि अभी शहर के अंदर 270 से ज्यादा स्थान कंटेनमेंट जोन में हैं और हर दिन इनकी संख्या बढ़ती ही जा रही है। शनिवार को भी जगदलपुर में 38 नए मामले सामने आए हैं। जिनमें सेंट्रल जेल के 31 बंदी शामिल हैं। इसके अलावा नारायणपुर में 23, बीजापुर में 21, कांकेर से 28, कोंडागांव में 1, दंतेवाड़ा में 4 नए मरीज मिले हैं। समाचार लिखे जाने तक सुकमा जिले से एक भी पॉजिटिव मरीज के सामने आने की पुष्टी नहीं हो पाई थी। देर शाम तक संभाग में 115 नए मरीजों की पहचान हो पाई थी।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Congress leader dies from Corona, 115 new cases found in division, 38 infected in city


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3b80EFS
via

Comments