Skip to main content

फर्जी वन भूमि का पट्टा बनाने वाला गिरोह 1000 ग्रामीणों से कर चुका ठगी

पुलिस चौकी वाड्रफनगर में वन अधिकार पट्टा बनाने वाले अज्ञात गिरोह के खिलाफ वाड्रफनगर तहसीलदार रामराज सिंह की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कराया गया है।
गिरोह ने इलाके के करीब हजार लोगों को झांसे में लेकर करोड़ों की उगाही की है। हालांकि अब तक सभी लोग सामने नहीं आए हैं। अब पीड़ितों से भी आवेदन लेकर केस दर्ज कराया जा सकता है। तहसीलदार ने बताया है कि ब्लॉक की कई ग्राम पंचायतों में फर्जी स्टांप पर फर्जी पट्टा क्रमांक सहित वन अधिकार समिति के अभिलेख व अधिकारियों के फर्जी दस्तावेज का उपयोग कर पट्टा बनाया गया है। इसकी शिकायत लंबे समय से आ रही थी। जांच के दौरान क्षेत्र में एक अज्ञात गिरोह द्वारा सैकड़ों लोगों का फर्जी वन अधिकार पट्टा बनाकर ठगी का पता चला है। अज्ञात गिरोह के खिलाफ पुलिस चौकी में तहसीलदार के रिपोर्ट पर केस दर्ज कर आरोपियों की खोज की जा रही है।

एक लाख तक की है वसूली, एक हजार से अधिक को पट्टा जारी करने की आशंका
जांच में पता चला है कि इस गिरोह ने अब तक करीब एक हजार लोगों का फर्जी पट्टा बनाया है। कई ग्रामीणों से दस हजार तो कई से अधिक जमीन का पट्टा देने पर एक लाख तक वसूल किया गया है। इस तरह गिरोह ने करोड़ों रुपए की उगाही की है। गिरोह के पास एसडीएम, तहसीलदार, डीएफओ, कलेक्टर, कमिश्नर सभी के सील हैं और आदेश पट्टा में सभी का सील और फेक हस्ताक्षर हैं। आशंका है कि इस गिरोह में सरकारी विभाग से जुड़े कर्मियों का भी अप्रत्यक्ष रूप से हाथ हो सकता है। क्योंकि पट्टा जारी करने की प्रकिया के बारे में सामान्य लोगों को पता नहीं होता है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3kru06w
via

Comments