संतोष चौधरी, रांची को स्मार्ट सिटी बनाने के लिए चल रहा काम भी कोरोना की चपेट में आ गया है। स्मार्ट ट्रैफिक मैनेजमेंट के लिए बन रहा कमांड कंट्रोल एंड कम्युनिकेशन सेंटर (सी-4) का काम भी पूरा नहीं हुआ है। जबकि, इसे मार्च में ही पूरा होना था। सी-4 के तहत 12 माह में शहर के 9 कॉरीडोर में ट्रैफिक मूवमेंट को स्मार्ट बनाना था, लेकिन 15 माह गुजरने के बाद भी मात्र तीन कॉरिडोर का ही काम पूरा हुआ है। वह भी अभी तक चालू नहीं हुआ है। तीनों कॉरिडोर में ट्रैफिक सिग्नल का ट्रायल चल रहा है। हालांकि, शहर का ट्रैफिक मूवमेंट कब स्मार्ट होगा यह कोई नहीं बता सकता।
क्योंकि, सी-4 से अभी तक ट्रैफिक पुलिस का कमांड सेंटर नहीं जुड़ा है। ऐसे में 164 करोड़ रुपए की लागत से बन रहे सी-4 से इस साल शहर को ट्रैफिक जाम से निजात नहीं मिलेगी। सवा साल में मात्र 50 % काम दूसरी बार एक्सटेंशन देने की तैयारी 164 करोड़ रुपए की लागत से कमांड कंट्रोल एंड कम्युनिकेशन सेंटर का काम कर रही कंपनी हनी बेल 15 माह में मात्र 50 फीसदी काम सकी है। जबकि, अभी तक यह प्रोजेक्ट शुरू हो जाना था, लेकिन अब कंपनी को दिए गए एक्सटेंशन अवधि भी अगले माह समाप्त हो रही है।
क्योंकि, कंपनी के साथ मार्च 2019 में एग्रीमेंट हुआ था। इसके तहत कंपनी को 9 कॉरीडोर में 40 ट्रैफिक सिग्नल सहित 800 सीसीटीवी कैमरे इंस्टॉल करने और कमांड कंट्रोल एंड कम्युनिकेशन सेंटर को संचालित करने की जिम्मेदारी दी गई थी। तय समय पर कंपनी काम पूरा नहीं कर सकी, इस कारण उसे 5 माह का एक्सटेंशन दिया गया था। कंपनी अब कोरोना का हवाला देकर फिर एक्सटेंशन लेने की तैयारी में है।
164 करोड़ रु. से बन रहा कमांड सेंटर
09 कॉरिडोर से होगा ट्रैफिक मैनेजमेंट
03 कॉरिडोर ही अभी तक बन सका है
3 कॉरिडोर के उद्घाटन की तैयारी
शहर के 9 कॉरिडोर में से 3 में करीब 18 ट्रैफिक सिग्नल सहित जरूरी उपकरण लग गए हैं, अभी ट्रायल चल रहा है। राजभवन से बिरसा चौक, बिरसा चौक से एयरपोर्ट और अरगोड़ा चौक से पटेल चौक वाया कडरू कॉरिडोर का उद्घाटन 15 अगस्त को होने की संभावना है। लेकिन, फिलहाल इस कॉरिडोर में रेड लाइट जंप करने पर चालान नहीं कटेगा, क्योंकि ट्रैफिक पुलिस के सिस्टम से कमांड सेंटर नहीं जुड़ा है।
इन कॉरिडोर पर ट्रैफिक होगा स्मूथ
राजभवन से बिरसा चौक वाया हरमू रोड
बिरसा चौक से एयरपोर्ट वाया हिनू चौक
बिरसा चौक से सुजाता चौक वाया डोरंडा
अरगोड़ा चौक से पटेल चौक वाया कडरू
अल्बर्ट एक्का चौक से हिनू चौक वाया मेन रोड
राजभवन से बूटी मोड़ वाया बरियातू रोड
सुजाता से कांटा टोली चौक वाया बहु बाजार
कांटाटोली से बूटी मोड़ वाया कोकर
राजभवन से कांटा टोली वाया सर्कुलर रोड
ये भी होंगे फायदे...
पार्किंग मैनेजमेंट सिस्टम लागू होने से बाजार जाने के पहले ही पता चलेगा कि कहां पार्किंग खाली है-कहां फुल।
ट्रैफिक जाम होने पर रूट डायवर्ट की सूचना अनाउंस की जाएगी, ताकि वाहन चालक जाम में न फंसें।
शहर में होनेवाले अपराध पर भी लगाम लगेगी, क्योंकि अधिकतर क्षेत्र सीसीटीवी कैमरे की जद में होंगे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2X8GDci
via IFTTT
Comments
Post a Comment