नगड़ी के पतराचौली गांव में मिशन स्कूल के पास गुरुवार सुबह साढ़े 10-11 बजे के बीच बाइक सवार चार अपराधियों ने पीएलएफआई उग्रवादी मोहन उरांव की गोली मारकर हत्या कर दी। वह अपने दोस्त मनीष कच्छप उर्फ मंगा उरांव के साथ बाइक से जा रहा था। घात लगाए अपराधियों ने पीछा कर उसे नजदीक से सिर और पीठ में गोली मार दी। यह देखकर उसके साथ बाइक पर बैठा मनीष भाग निकला। हालांकि, अपराधियों ने उसे भी मारने के लिए कई राउंड फायरिंग की, पर गोली उसे नहीं लगी।
घटना की सूचना मिलते ही नगड़ी पुलिस पहुंची। ग्रामीण एसपी नौशाद आलम ने भी घटनास्थल पर जाकर छानबीन की। घटनास्थल से 3 खोखा और 3 कारतूस मिले। पुलिस मोहन के साथ बाइक पर बैठे उसके दोस्त मनीष की तलाश कर रही है, ताकि यह पता चल सके कि गोली किसने मारी। ग्रामीण एसपी ने बताया कि मोहन पीएलएफआई का उग्रवादी रहा था। उस पर ओरमांझी थाने में लेवी के लिए क्रशर में आग लगने और आर्म्स एक्ट में प्राथमिकी दर्ज है।
पुलिस की जांच में खुलासा... वह डर से अपने घर में नहीं रहता था इधर उधर छुप कर रहा करता था कभी कभार ही अपने घर पर आया करता था।
बैग खुला तो हुआ खुलासा... जा रहा था अपराधियों को आर्म्स पहुंचाने
छानबीन में पता चला है कि मोहन गैंगवार में मारा गया। वह नगड़ी, इटकी और लापुंग इलाके में लेवी वसूलता था। वह गुरुवार सुबह 10 बजे अपने घर से करीब दो लाख रुपए मूल्य की महंगी बाइक से अपने दोस्त मनीष कच्छप के साथ अपराधियों को हथियार सप्लाई करने निकला था। उसके बैग में दो देसी कट्टे और .315 की 7 गोलियां थीं। वर्चस्व की लड़ाई में दूसरे अपराधियों ने उसे घेरकर गोली मार दी। जिस वक्त अपराधियों ने मोहन को गोली मारी वह हेलमेट अपने हाथ में रखे हुए था और बाइक चला रहा था, जब तक वह अपने पीठ पर टंगे बैग से हथियार निकालता दो बाइक पर सवार चार अपराधियों ने उसे मौत के घाट उतार दिया।
तीन-चार दिन पहले घर के पास खोका फेंक दिया था
पति की हत्या की खबर सुनकर अनिमा तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गई। मोहन इटकी के गढ़गांव का रहने वाला था, अनिमा ने आरोप लगाया कि गांव के ही कुछ लोगों ने पति की हत्या कराई है। उसने दीपक, प्रताप व हेमंत का नाम लिया। मोहन जमीन दलाली भी करता था। पता चला है कि तीन-चार दिन पहले उसके घर के सामने अपराधियों ने खोखा फेंक दिया था, ताकि वह पुलिस के हत्थे चढ़ जाए। इस बात को लेकर मोहन का अपराधियों से विवाद भी हुआ था।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2Oh2TvL
via IFTTT
Comments
Post a Comment