सदर अंचल के पांडेय मौजा में गैरमजरुवा जमीन की अवैध खरीद-बिक्री पर झारखंड सरकार का राजस्व विभाग अलर्ट मोड में आ गया है। जहां फर्जी जमाबंदी के आधार पर बड़े पैमाने पर जमीन की खरीद बिक्री हुई है। यहां तक कि जस जमीन भारतीय खाद्य निगम का गोदाम स्थापित है, उस जमीन में भी भारी गड़बड़ी आई है। इसी की जांच में झारखंड सरकार राजस्व विभाग की टीम पिछले दिनों तक गिरिडीह में डटी रही। जिसमें पांडेयडीह मौजा से जुड़े तमाम दस्तावेजों को खंगाला गया।
बहुत सारे कागजात नहीं मिले तो सीओ रवीन्द्र कुमार सिन्हा को दो दिनों के भीतर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। इसके बाद टीम में शामिल संयुक्त राजस्व सचिव अवध नरायण प्रसाद, उतरी छोटा नागपुर हजारीबाग कमिशनर के सचिव के के सिंह ने अपर समाहर्ता से भी इस बाबत जानने की कोशिश की। मौके पर मौजूद अंचलाधिकारी से भी लंबी पूछताछ की गई। हालांकि मौके पर अंचलाधिकारी सारे दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा पाए और दो दिनों का वक्त मांगा है।
इसके बाद जांच अधिकारी स्थल पर भी पहुंचे। जिसमें एफसीआई गोदाम के अलावा उसके आगे खरीद-बिक्री के बाद घेराबंदी की गई अन्य जमीनों की भी जांच पड़ताल की। जिसमें पता चला कि सिर्फ एफसीआई का ही गोदाम नहीं बल्कि पांडेयडीह मौजा में बड़े पैमाने पर जमीन की खरीद-बिक्री में हेराफेरी हुई है। लिहाजा पूरे मौजा को भी विस्तार से खंगाला जाएगा। हालांकि जांच अधिकारी के आसपास कई जमीन कारोबारी भी भटकते नजर आए।
- राजस्व विभाग की टीम ने घंटों तक की छानबीन, एसी व सीओ से भंी मांगी रिपोर्ट
- पांडेयडीह मौजा से जुड़े तमाम दस्तावेज सीओ से तलब, 1 सप्ताह बाद आएगी टीम
- जुलाई 2019 में एसडीओ की अगुवाई में जांच टीम जमाबंदी को बता चुकी है फर्जी
गिरिडीह एसडीएम की अगुवाई में गठित जांच टीम गिरिडीह व बेंगाबाद अंचल के अंचल अधिकारी ने स्पष्ट कहा है कि दाखिल खारिज वाद संख्या 2693/13-14 के पंजी 27 में हस्ताक्षर कॉलम में अंचल अधिकारी का हस्ताक्षर नहीं होना, अंचल कार्यालय में उक्त अभिलेख का नहीं मिलना, पांडेयडीह मौजा के पंजी-2 के वोल्यूम-1 के उक्त पृष्ठ पर ओवर राइटिंग किया जाना तथा वर्ष 1976-77 के पंजी-27 पर दर्ज ब्यौरा से मेल नहीं खाना, साथ ही प्लॉट संख्या 143 एवं 151 जो गैरमजरूआ खास खाते संख्या-15 की भूमि है, जिसे बकास्त खाता संख्या क्रमश: 16 एवं 01 दर्शाकर खरीद बिक्री किया जाना इस बात की पुष्टि करता है कि अजय कुमार शर्मा, पिता रामेश्वर शर्मा द्वारा एफसीआई गोदाम निर्माण के लिए दी जाने वाली प्रस्तावित भूमि जो प्लॉट नंबर 142, 143, 144, 145, 147, 150 एवं 151 से संबंधित है।
संयुक्त सचिव ने यह कहा
इस संबंध में राजस्व विभाग रांची के संयुक्त सचिव ने कहा कि मुख्यमंत्री जनसंवाद में शिकायत की गई है कि एफसीआई गोदाम जिस जमीन पर बनी है, उसमें फर्जीवाड़ा किया गया है। गोदाम गैर मजरुआ जमीन पर गलत ढंग से बनाया गया है। जिसका अवलोकन किया गया है। कुछ दस्तावेज भी देखे गए। इसके अलावा पांडेयडीह मौजा में और भी कई गड़बड़ी की शिकायत मिली है। सीओ गिरिडीह को निर्देश दिया कि पांडेयडीह मौजा में अवस्थित एफसीआई गोदाम से जुड़े तमाम दस्तावेज उपलब्ध कराएं। इसके लिए उन्होंने दो दिनों का वक्त लिया है। अपर समाहर्ता कार्यालय में जमा करने का उन्हें निर्देश दिया गया है। सारा कागजात अध्ययन करने के बाद जाे सही होगा उस अनुरूप कार्रवाई की जाएगी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/38IkHJV
via IFTTT
Comments
Post a Comment