इन दिनों बस्तर में बारिश का मौसम बनने के बावजूद वर्षा नहीं हो रही है। ऐसे में तापमान में गिरावट तो हो ही रही है, साथ में उमस ने भी लोगों को खासा परेशान कर दिया है। बादलों के छाने के साथ पूरा मौसम भारी बारिश का बन रहा है, लेकिन हल्की बूंदाबांदी के बाद फिर मौसम बदल रहा है।
बताया जा रहा कि दो चक्रीय चक्रवात के साथ ही मानसून द्रोणिका भी सक्रिय है, बावजूद बारिश नहीं हो रही है। शुक्रवार को सुबह से बादल छाए रहे, लेकिन हल्की बूंदाबांदी ही हुई। मौसम विभाग ने शनिवार को भारी बारिश की चेतावनी दी है। इन दिनों तापमान में भी गिरावट हो रही है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान में जहां सामान्य से 3 डिग्री की कमी के साथ 26.1 तो न्यूनतम तापमान में 1 डिग्री की गिरावट के साथ 22 डिग्री दर्ज किया गया है। वहीं बीते 24 घंटों में 0.4 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
तीन सिस्टम सक्रिय हैं: माैसम वैज्ञानिक
मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा के मुताबिक दक्षिण पश्चिम उत्तरप्रदेश और आसपास के इलाकों पर 3.6 किमी से 5.8 किमी की ऊंचाई पर एक चक्रीय चक्रवात और झारखंड और आसपास के इलाकों में 3.6 किमी की ऊंचाई पर एक चक्रीय चक्रवात बना हुआ है। इसके अलावा बीकानेर, सीकर, ग्वालियर, वाराणसी, पटना, शांतिनिकेतन, हल्दिया और दक्षिण पूर्व दिशा की तरफ से होते हुए उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक मानसून द्रोणिका बनी हुई है। ऐसे में इन तीनों सिस्टम के कारण शनिवार को बस्तर संभाग के जिलों और इससे लगे अन्य जिलों में भारी बारिश की आशंका जताई जा रही है।
पूरे हफ्ते कहीं-कहीं पर छाए रहेंगे बादल
शुक्रवार को तापमान में गिरावट दर्ज होने के बावजूद बारिश नहीं हुई, वहीं हवा में नमी का प्रतिशत 81 तक पहुंच गया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक शनिवार को कहीं-कहीं पर बादल छाने के साथ गरज-चमक के साथ बारिश होगी, वहीं रविवार को बादल छाए रहने के साथ ही एक-दो जगहों पर हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं सोमवार से गुरुवार तक कहीं-कहीं पर बादल छाए रहेंगे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2E9Q5Wi
via
Comments
Post a Comment