बस्तर जिले के लिए मंगलवार काफी महत्वपूर्ण दिन रहा। यहां एक ही दिन में सीएम भूपेश बघेल ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए 244 करोड़ 25 लाख के विकास कार्यों का किया लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इन कामों में सबसे महत्वपूर्ण महारानी हॉस्पिटल में 70 बिस्तरों वाला मातृत्व शिशु केयर हॉस्पिटल है। अब महारानी अस्पताल में गर्भवती महिलाओं और बच्चों के इलाज की विशेष व्यवस्था कर दी गई है।
यहां आधुनिक ओटी से लेकर पीडियाट्रिक आईसीयू मरीजों की सुविधा के लिए मौजूद हैं। महारानी हॉस्पिटल परिसर में आयोजित कार्यक्रम को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए भूपेश बघेल, स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव, वन मंत्री मोहम्मद अकबर, उद्योग मंत्री कवासी लखमा, स्कूल शिक्षा और जिले के प्रभारी मंत्री डाॅ. प्रेमसाय सिंह टेकाम ने संबोधित किया। वीसी में संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि महारानी अस्पताल के प्रति बस्तर के लोगों के भावनात्मक लगाव के कारण ही अस्पताल को उसी जगह में रखते हुए तीन चरणों में उसका जीर्णोद्धार किया गया। उन्होंने कहा कि नदी तट पौधरोपण में ग्रामीणों को आर्थिक लाभ देने वाले फलदार पौधों का पौधरोपण करने से आबो-हवा के साथ-साथ पर्यावरण के लिए भी लाभदायक होगा। बस्तर में कॉफी और हल्दी के उत्पादन से आदिवासी भाई-बहनों की अर्थव्यवस्था में सुधार से जनजाति बंधु शिक्षा, स्वास्थ्य में आगे बढ़ते हुए क्षेत्र के विकास में सहभागी बनेंगे।
कबाड़ का जुगाड़: नक्सल पीड़ित परिवारों के लिए चलित कैंटीन बनाकर दी
इधर कार्यक्रम के बाद अफसरों और जनप्रतिनिधियों ने अस्पताल के कंडम वाहन को रिमोडीफाई कर बनाए गए एक चलित कैंटीन को नक्सल पीड़ित परिवार को समर्पित किया। ‘आमचो बस्तर’ के नाम से मोबाइल इस कैंटीन का भी फीता काटकर लोकार्पण किया गया। गाड़ी को बनाकर इसमें पूरा किचन फिट किया गया और इसे नक्सल पीड़ित परिवारों को सौंपा गया।
इन अभियानों की सीएमने की सराहना
बघेल ने बस्तर जिला प्रशासन द्वारा ‘आमचो इंद्रावती-कठा लगाउं बुटा’ नदी तट पौधारोपण अभियान, युवोदय-वाॅलंटियर्स के कार्यों, मलेरियामुक्त बस्तर अभियान, बकावण्ड में काजू प्रसंस्करण केंद्र, दरभा-डिलमिली क्षेत्र में काॅफी और जिले में हल्दी उत्पादन के कार्यों की सराहना की। कार्यक्रम स्थल पर सांसद दीपक बैज, संसदीय सचिव नगरीय निकाय रेखचंद जैन, हस्तशिल्प विकास बोर्ड के अध्यक्ष चंदन कश्यप, अक्षय ऊर्जा विकास निगम के अध्यक्ष मिथलेश स्वर्णकार, चित्रकोट विधायक राजमन बेंजाम, महापौर सफीरा साहू आदि मौजूद थे।
तिरथा में पहुंचाया नेटवर्क, करवाई वीडियो कांफ्रेंसिंग
इधर सीएम भूपेश बघेल से युवोदय के वॉलंटियर से बातचीत करवाने के लिए चिप्स ने तिरथा में एक दिन के लिए नेटवर्क पहुंचाया। यह पहला मौका था जब किसी सीएम ने डायरेक्ट फील्ड से लोगों से बात की हो। यहां नदी तट पौधारोपण कार्यक्रम के तहत तिरथा ग्राम पंचायत में युवोदय के वाॅलंटियर्स द्वारा मुख्यमंत्री बघेल के नाम पर 50 हजार पौधरोपण किया गया। वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के माध्यम से युवोदय के वाॅलंटियर्स एवं बकावण्ड काजू प्रसंस्करण केंद्र की महिलाओं से उनके कार्यों के संबंध में चर्चा की।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2CX8qFq
via
Comments
Post a Comment