श्रावण मास की शुरुआत सोमवार से हुई। इस दौरान शहर के शिव मंदिरों में भक्त सुबह से पहुंचते रहे। हालांकि किसी भी मंदिर में भीड़ का माहौल नहीं दिखा। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए भक्त मास्क लगाकर पहुंचे। एक-एक कर भक्त भोलेनाथ के दर्शन किए। एहतियात के बीच भगवान शंकर का जल से अभिषेक किया। श्रावण सोमवार के दौरान जो माहौल पहले मंदिरों में नजर आता था, इस बार कोरोना महामारी के चलते वैसा कुछ भी नहीं दिखा।
इस साल नहीं होगी कांवर यात्रा: इधर हर साल होने वाली कांवर यात्रा का आयोजन भी रद्द करने की बात कही जा रही है। हर साल मिथिला समाज, शौंडिक समाज सहित अन्य समाजों के लोग कांवर यात्रा निकालकर भगवान आशुतोष का जलाभिषेक करते हैं, लेकिन इस साल कांवर यात्रा का आयोजन न करने की बात कही जा रही है। इधर अधिकांश लोग अपने घरों में रहकर ही भगवान शिव का अभिषेक कर रहे हैं।
सावन महीने में मनेंगे 7 पर्व
पं. बाजपेई के अनुसार इस बार तीन सोमवार कृष्णपक्ष और दो शुक्लपक्ष में होंगे। धर्म ग्रंथों के मुताबिक श्रावण माह में हर सोमवार को व्रत और भगवान शिव की पूजा करने से हर तरह की परेशानियां खत्म हो जाती हैं और बीमारियों से भी छुटकारा मिल जाता है। श्रावण सोमवार से ही सोलह सोमवार व्रत की शुरुआत होती है। श्रावण मास में 10 जुलाई को मौनी पंचमी, 14 जुलाई को मंगला गौरी व्रत, 16 जुलाई को एकादशी, 18 जुलाई को प्रदोष, 20 जुलाई को हरियाली अमावस्या, सोमवती अमावस्या, 23 जुलाई को हरियाली तीज के साथ ही 25 जुलाई को नागपंचमी और 3 अगस्त को रक्षाबंधन पर्व मनाया जाएगा।
मंदिर में प्रवेश से पहले हाथों को कराया सैनिटाइज
सुबह से ही भक्त मंदिरों में पहुंचने लगे, लेकिन मंदिरों में एक व्यक्ति को सैनिटाइजर के साथ तैनात किया गया था, जो हर आने-जाने वालों के हाथों को सैनिटाइज करवाते रहे। इसके अलावा पुलिस के जवान भी मंदिरों में तैनात रहे, जो सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करवाते दिखे। इस दौरान मंदिरों में ऐसा भी दृश्य देखने को मिला, जब बिना मास्क पहने भक्तों ने मंदिर आने की कोशिश की तो उन्हें रोक दिया गया।
महीनेभर में 11 सर्वार्थसिद्धि, 3 अमृत सिद्धि योग
पं. बाजपेई बताते हैं कि इस बार श्रावण में पांच सोमवार पड़ रहे हैं, जो शुभ संकेत है। ऐसा ही संयोग 3 साल पहले 2017 में बना था। उन्होंने बताया कि इस बार श्रावण महीने में 11 सर्वार्थसिद्धि, 3 अमृत सिद्धि और 12 दिन रवि योग रहेंगे। इन शुभ योगों में की गई भगवान शिव की पूजा से विशेष फल मिलता है। शिवजी का अभिषेक करने से आयु, धन और स्वास्थ्य में वृद्धि होती है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2NX5DP0
via
Comments
Post a Comment