Skip to main content

बिरहोर बेटी निर्मला का सीएम ने किया सम्मान

दुलदुला ब्लाक स्थित ग्राम झरगांव निवासी निर्मला का सम्मान सीएम भूपेश बघेल ने किया। उसे स्वेच्छानुदान मद से आगे की पढ़ाई के लिए एक लाख रुपए और लैपटॉप दिए गए। बिरहोर बेटी निर्मला ने हाल ही में 12वीं की परीक्षा पास की है और अब वो कॉलेज भी जाना चाहती है।
निर्मला बाई अति पिछड़ा बिरहोर जनजाति वर्ग से आती हैं। जब उनकी सफलता के बारे में खाद्य मंत्री अमरजीत भगत को पता चला तो वे उससे बहुत प्रभावित हुए। मंत्री अमरजीत भगत जशपुर जिले के प्रभारी भी हैं, उन्होंने अपने साथ ले जाकर निर्मला को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से मिलवाया। उन्होंने निर्मला की तारीफ करते हुए कहा कि उसने अभावों को खुद पर हावी होने नहीं दिया और परीक्षा में सफलता हासिल की। ऐसा करके उसने अपने जैसी छात्राओं के लिए एक मिसाल कायम किया है, जो उच्च शिक्षा से भविष्य को संवारना चाहती है।

पिता कुंवर 5वीं पास, मजदूरी कर चलाते हैं घर
निर्मला का परिवार अत्यंत गरीब है। पिता कुंवर राम 5 वीं पास एक खेतीहर मजदूर हैं एवं माता बिरसमनी बाई अशिक्षित, घरेलू महिला हैं। परिवार में माता-पिता, 2 भाई, 2 बहन सहित 6 सदस्य हैं, इनमें निर्मला सबसे बड़ी है। उन्होंने भाई-बहनों के लिए एक आदर्श स्थापित किया है। निर्मला शासकीय पोस्ट-मैट्रिक कन्या छात्रावास जशपुर में रहकर शासकीय महारानी लक्ष्मी बाई कन्या उमावि. जशपुरनगर से कक्षा 12वीं की परीक्षा 58 प्रतिशत अंक के साथ पास की है। बिरहोर समाज में लड़कियों की पढ़ाई-लिखाई पर ध्यान नहीं दिया जाता है, उनकी कम उम्र में ही शादी कर दी जाती है। निर्मला के पढ़ने की रूचि का खयाल रखते हुए उनके माता-पिता ने शादी के लिए दबाव नहीं डाला। उन्होंने निर्मला को इच्छानुसार पढ़ने दिया। जिले में बिरहोर जनजाति के कुल 161 परिवार हैं जिसमें कुल 515 सदस्य निवास करते हैं।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
CM honors Birhor daughter Nirmala


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3eytO0N
via

Comments