Skip to main content

केशकाल में यहां के व्यापारियों का विरोध, सांसद से शिकायत

केशकाल बाजार में कांकेर के व्यापारियों द्वारा दुकानें लगाई जातीं थीं लेकिन अब वहां दुकान लगाने का केशकाल के व्यापारी विरोध कर रहे हैं। परेशान होकर कांकेर के व्यापारी सांसद मोहन मंडावी से मिलने पहुंचे तथा अपनी समस्या बताई। व्यापारियों के अनुसार केशकाल ही नहीं हर जगह के व्यापारी कांकेर आकर अपनी दुकानें लगाते हैं जिसका कांकेर के व्यापारी कभी विरोध नहीं करते। एेसा ही माहौल रहा तो कांकेर के व्यापारियों को बहुत ज्यादा नुकसान होगा।
कांकेर के 50 से अधिक व्यापारी केशकाल साप्ताहिक बाजार में सोना चांदी, कपड़ा, मनिहानी, बर्तन तथा अन्य दुकानें पिछले 50 सालों से लगाते आए हैं। केशकाल के अलावा ये व्यापारी विश्रामपुरी, बहीगांव, फरसगांव, बड़े डोंगर, धनोरा बाजार में भी दुकानें लगाते हैं। सांसद निवास पहुंचे व्यापारियों के प्रतिनिधि मंडल ने कहा कि कोरोना वायरस के कारण पिछले तीन माह से दुकानें नहीं लगा पा रहे थे। अब वे केशकाल बाजार दुकान लगाने जाते हैं तो वहां के व्यापारी उन्हें दुकानें लगाने नहीं दे रहे हैं। व्यापारियों ने कहा वे भी बाजार में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते मास्क आदि लगाकर व्यापार करते हैं। लेकिन वहां के व्यापारी अपने निजी स्वार्थ तथा लाभ के चलते उनको दुकानें लगाने नहीं दे रहे हैं।
व्यापारियों की बात सुनने के बाद सांसद मोहन मंडावी ने तत्काल कोंडागांव एसडीएम और एसपी से चर्चा की तथा बाजार में दुकान लगाने पर कांकेर के व्यापारियों को हो रही परेशानी से अवगत कराते कहा कि सभी के हितों का ख्याल रखा जाए। दूसरा जिला ही नहीं भारत के किसी भी हिस्से में जाकर कोई भी व्यापारी व्यापार कर सकता है।
विधायक कलेक्टर से भी मिले, समस्या नहीं सुलझी
व्यापारियों ने कहा कि पहले वे विधायक तथा कलेक्टर से मिल चुके हैं तथा अपनी समस्या बता चुके हैं लेकिन अभी तक उनकी समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। सांसद से मिलने पहुंचे रवि बुधवानी, नवीन सोनी, नरेंद्र देवांगन, हेंमत देवांगन, मुकेश देवांगन, राजेश भाषवानी, महेश भाषवानी, संतोष रवानी, चंद्रकांत देवांगन, संजय भाषवानी, ईश्वर देवांगन, कौशल देवांगन,चेतन देवांगन ने कहा कि केशकाल के व्यापारी अब कोरोना की आड़ में वहां उन्हे बाजार में व्यापार करने से रोक रहे हैं। इससे उनका व्यापार प्रभावित हो रहा है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Opposition of traders here in Keshkal, complaint to MP


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/38zFpvp
via

Comments