लापता युवती भारती यादव का कंकाल बरामद करने के बाद उसकी हत्या को लेकर बीतीरात हुई पूछताछ में उसके प्रेमी आरोपी ने चौकने वाले खुलासे किए। ट्रक चालक प्रेमी ने अब तक दिए अपने बयान से पलटते हुए बताया कि हत्या में उसका दोस्त भी शामिल है। हत्या दो माह पूर्व ही की गई थी। हत्या कांकेर से बाहर करना चाहते थे जिसके चलते उसे ट्रक में लेकर घूमते रहे। राजाराव पठार में हत्या करने कोशिश की। वहां मौका नहीं मिला तो उसे लेकर टूरी नदी पहुंचे जहां हत्या कर लाश को दफना दिया।
मामले में प्रेमी देवचंद धनकर व उसका दोस्त थनवार सिंह यादव निवासी चारभाटा केशकाल को गिरफ्तार किया गया है। देवचंद के अनुसार उसकी प्रेमिका का किसी और युवक के साथ भी प्रेम प्रसंग था। उसने दोनों को कमरे में आपत्तिजनक स्थिति में देखा था। प्रेमिका से मिले इस धोखे का बदला लेने उसकी हत्या करने मौके की तलाश में था। उसने हत्या के प्लान में अपने दोस्त को भी शामिल कर लिया। पेशे से ट्रक चालक प्रेमी को उसके मालिक ने 2 मई को मक्का लोडकर धमतरी जाने कहा। उसने प्रेमिका को भी घुमाने का बहाना बनाकर अपने साथ ले लिया तथा कहा कि वहां से लौटते समय मायके छोड़ दूंगा। प्रेमिका तैयार हो गई और तीनों 3 मई की सुबह मक्का लेकर धमतरी पहुंचे।
माल खाली होने पर ट्रक मालिक ने सेलूद दुर्ग से सीमेंट भरकर आने कहा तो प्रेमिका को लेकर सेलूद चला गया। सीमेंट भरने नंबर लगाया लेकिन 5 मई तक नंबर नहीं लगा। इस दौरान दोनों ने हत्या की योजना बना वापसी में राजाराव पठार के पास जंगल व सूनसान इलाके में हत्या करने साजिश रची। 6 मई को सीमेंट लेकर सेलूद से रवाना हुए। राजाराव पठार ढाबे में ट्रक रोक रात में भोजन कर हत्या का मौका तलाशने लगे। लगातार आवाजाही के कारण हत्या नहीं कर पाए। उसे रात में घर छोडऩे के बहाने टूरी नदी तक लेकर आए जहां राड से उसकी नाक के पास वार कर हत्या कर दी। लाश व सामान वहीं रेत में दफना दिया।
हत्या के एक दिन पहले प्रेमिका का मोबाइल बंद : योजना के चलते शातिर प्रेमी ने हत्या के एक दिन पहले 5 मई को ही प्रेमिका का मोबाइल बंद कर दिया था। 6 मई को सेलूद से निकलने के बाद रात 11 बजे अपना व साथी का मोबाइल बंद किया ताकि
पुलिस लोकेशन ट्रेस नहीं कर सके। हत्या के बाद दूसरे दिन केशकाल पहुंचे तब मोबाइल चालू किया। इसके पूर्व जनवरी में प्रेमिका को भगाने के दौरान भी उसका पुराना सिम तोड़ कर फेंक उसे नया सिम लेकर दिया था।
भूल गए थे बैग, ढक्कन लेने गए तो आई याद
लाश को दफनाने हाथ से ही रेत में गड्ढा खोदने लगे। जमीन कड़ी होने के कारण गड्ढा खोदने में मुश्किल हुई तो ट्रक में रखे कढ़ाई का ढक्कन लेने पहुंचे। वहां प्रेमिका का बैग दिखा जिसे ले जाना भूल गए थे। उसे भी साथ ले जाकर लाश के साथ दफना दिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लोहे का राड, ट्रक, कढ़ाई का ढक्कन के अलावा लाश के साथ दफनाए गए सामान को भी जब्त किया है।
सफेद बोरी से भ्रम हुआकि कोई देख रहा है
प्रेमिका को ट्रक से उतारकर घटनास्थल तक ले जाने के दौरान प्रेमी ने उसे बताया कि वह नदी किनारे एक जमीन खरीद रहा है। इसे दिखाने के बहाने घटनास्थल तक प्रेमिका को लेकर गए। निकट ही पड़े सफेद बोरी को देखकर डरे कि कोई देख रहा है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2O4t0WS
via
Comments
Post a Comment