जिला मुख्यालय में निर्माणाधीन स्कूल भवन से पुलिस ने मंगलवार की दोपहर डेढ़ लाख रुपए की उठाईगिरी करने के आरोपी युवक जशवंत कटार को गिरफ्तार किया है। युवक ओडिशा के नुआपड़ा जिले के राज खरियार थाना क्षेत्र के तुलसीपड़ा गांव का निवासी है।
एसडीओपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि युवक तीन दिन पहले ही हैदराबाद से विजयवाड़ा होते हुए सुकमा पहुंचा था। यहां वह निर्माणाधीन स्कूल भवन में छिपकर रह रहा था। एसडीओपी ने बताया कि युवक के पास उठाईगिरी के पूरे पैसे पुलिस ने बरामद कर लिए हैं।
बोलेरो वाहन की पिछली सीट से पैसों से भरा बैग लेकर फरार हुआ था युवक: एसडीओपी ने बताया कि मंगलवार सुबह लगभग साढ़े 8 बजे नगर के पटनमपारा निवासी रवि एकैया अपनी बोलेरो वाहन से डेढ़ लाख रुपए से भरा बैग लेकर मजदूरी भुगतान के लिए निकला था। घर से वह सीधे बस स्टैंड पहुंचा। यहां वह कुछ सामान की खरीदारी करने के लिए बोलेरो वाहन से उतरा। पैसों से भरा बैग बोेलेरो वाहन की पिछली सीट पर रखा हुआ था। आरोपी युवक ने मौका पाते ही वाहन से बैग उठाकर वहां से पैदल ही फरार हो गया। खरीदारी कर लौटने पर प्रार्थी को बैग वाहन से गायब पाकर आसपास खड़े लोगों व दुकानदारों से पूछताछ की। हताश होकर साढ़े दस बजे रवि एकैया ने पुलिस को खुद के साथ हुई डेढ़ लाख की उठाईगिरी की जानकारी दी।
चार टीमें बनाई गई, डेढ़ घंटे में पकड़ा गया आरोपी
ॉरोपी की पहचान व उसकी गिरफ्तारी के लिए चार अलग-अलग टीमें बनाई गईं। बस स्टैंड में लगे सीसीटीवी फुटेज को पुलिस ने खंगालना शुरु किया। एक फुटेज में युवक बस स्टैंड में एक थैला लेकर आते हुए और निकलते में थैले के साथ एक अन्य बैग लेकर जाते हुए दिखा। जिसके बाद पुलिस ने संदिग्ध युवक की तलाशी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमों को रवाना किया। दोपहर लगभग 12 बजे युवक को निर्माणाधीन स्कूल बिल्डिंग से पकड़ा गया। युवक ने बिल्डिंग में ही पैसों से भरे बैग को छिपाकर रखा था। जिसे पुलिस ने बरामद किया। एसपी शलभ सिन्हा ने अफसर व कर्मचारी को पुरस्कृत करने की बात कही है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/30CvaTx
via
Comments
Post a Comment