Skip to main content

कुर्की के डर से राजनांदगांव पहुंचा तब पकड़ाया नक्सलियों का सहयोगी वरुण

नक्सली मददगार के रूप में काम कर रहे वरुण जैन को पुलिस ने गिरफ्तार कर क्षेत्र में सक्रिय रहे अब तक के सबसे बड़े नक्सली नेटवर्क को लगभग खत्म कर दिया है। इसमें अब भी नक्सली कमांडर की गिरफ्तारी शेष होने के साथ कुछ और लोगों के गिरफ्तार होने की संभावना है। नक्सलियों को मदद करने वाली कंपनी से मिले दस्तावेज में एक महिला रिचा जैन का नाम भी सामने आया है। यह वरुण जैन की भाभी तथा पूर्व में गिरफ्तार निशांत जैन की पत्नी है। पुलिस अब इस महिला की भूमिका की जांच कर रही है।
नक्सली नेटवर्क के फरार रहे आरोपी वरुण जैन को राजनांदगांव पुलिस ने गुरूवार 2 जुलाई को छग सीमा बागनदी इलाके से गिरफ्तार किया। पुलिस वरूण जैन की सौ करोड़ से अधिक की संपत्ति को कुर्की करने कार्रवाई कर रही थी। इसकी भनक वरूण जैन को लगी जिसके बाद वह संपत्ति को किसी तरह बचाने की फिराक में राजनांदगांव इलाके में पहुंचा। मुखबिर से सूचना मिलते ही पुलिस ने उसे दबोच लिया।
वरुण जैन व उसके बड़े भाई निशांत जैन की लैंडमार्क इंजीनियरिंग कंपनी राजनांदगाव तथा लैंडमार्क रायल इंजीनियर कंपनी बिलासपुर के दस्तावेजों को खंगाला गया तो उसमें एक और नाम निशांत जैन की पत्नी रिचा जैन का आया है। लैंडमार्क रायल इंजीनियरिंग कंपनी बिलासपुर के डायरेक्टर स्वयं वरुण जैन व उसकी भाभी रिचा जैन है।
101 दिन की कड़ी मेहनत में मिली बड़ी कामयाबी: शहरी नक्सली नेटवर्क को ध्वस्त करने तथा आरोपियों को पकड़ने एसआईटी गठित की गई थी। 24 मार्च से 2 जुलाई तक एसआईटी ने 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस नक्सली नेटवर्क में जनपद सदस्य, भाजपा नेता, ठेकेदार व अन्य लोग शामिल हैं। इसके पहले 2014 में पुलिस ने एक शहरी नक्सली नेटवर्क का पर्दाफाश किया था।

हरियाणा से बड़ा भाई काम की तलाश में आया
नक्सली शहरी नेटवर्क के आरोपी निशांत व वरुण जैन मूलत: हरियाणा गुड़गांव के रहने वाले हैं। बड़ा भाई निशांत काम की तलाश में 2001 में छत्तीसगढ़ आया था। बिलासपुर में अपने एक रिश्तेदार की निर्माण कंपनी में मैनेजर का काम करते ठेकेदार बन गया। 2002 में वरूण जैन छग आया। साल 2006 में बड़े भाई के साथ मिलकर लैंडमार्क इंजीनियरिंग कंपनी तथा 2013-14 में लैंडमार्क रायल इंजीनियरिंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड कंपनी बनाई। दूसरी कंपनी में अपनी भाभी को भी डायरेक्टर बनाया। मात्र 19 साल में काम की तलाश में छग आने वाले दोनों भाई 6 सौ करोड़ की संपत्ति के मालिक बन गए।

अभी चल रही है जांच
एएसपी कीर्तन राठौर ने बताया कि नक्सली नेटवर्क मामले में फरार आरोपी वरूण जैन को गिरफ्तार कर लिया गया है। अब तक 14 आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। जब्त दस्तावेजों में एक महिला का नाम आया है जिसकी जांच चल रही है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3gntW4M
via

Comments