Skip to main content

नगरनार, भानपुरी व करपावंड के लिए जगदलपुर से चलेंगी सिटी बसें

जिले में सिटी बस की सुविधा पटरी पर लाने के लिए नगर निगम ने कवायद शुरू कर दी है। मंगलवार को कलेक्टर के निर्देश पर निगम के अधिकारियों ने बस संचालक एजेंसी से बातचीत पूरी कर ली है, वहीं बसों को जगदलपुर से नगरनार, भानपुरी और करपावंड तक चलाने की योजना भी तैयार कर ली गई है।
निगम के अधिकारियों ने बताया कि इस समय तीरथगढ़ और चित्रकोट जलप्रपात पर जाने के लिए मनाही है जिसके चलते इन रूटों पर सिटी बसों का संचालन नहीं किया जा रहा है। बाकी तीन बसों को सात दिनों के अंदर चलाया जाएगा। इन बसों में यात्रा करने वाले यात्रियों से पुराने दर के आधार पर यात्री भाड़ा लिया जाएगा। योजना के नोडल अधिकारी एसबी शर्मा ने बताया कि मंगलवार को सिटी बसों के संचालन के लिए बस्तर शहरी सार्वजनिक यातायात सोसायटी के अध्यक्ष रजत बंसल की अध्यक्षता में बस्तर शहरी सार्वजनिक यातायात सोसायटी के सदस्यों की बैठक हुई थी। बैठक में अध्यक्ष ने अधिकारियों व बस संचालकों को समस्याओं का निराकरण कर हर हाल में सिटी बसें चलाने के लिए कहा। इस दौरान उन्होंने बसों को चलाने के लिए आ रही दिक्कतों को जाना और जल्द ही हर समस्या को दूर करने कहा। जिसके बाद बसों को चलाने की योजना बना ली गई है। इसे जल्द ही शुरू कर दिया जाएगा। इसके लिए बस चलाने वाली एजेंसी ने अपनी सहमति कलेक्टर को दी है।
अभी 10 में से केवल पांच बसें ही चलेंगी, बाकी कब
तक सड़कों पर दौड़ेंगी नहीं बता पा रहे अफसर

लोगों को सस्ते दरों पर यात्रा सुविधा मुहैया कराने के उद्देश्य से वर्ष 2015-16 में जिले को 10 सिटी बसें मिली थी। इन सिटी बसों को जिला मुख्यालय से विभिन्न मार्गों में चलाया जाना था। वर्तमान में केवल 2 बसें ही मार्गों पर दौड़ रही हैं। ये बसें मेकाज से महारानी हास्पिटल तक स्टाफ और मरीजों को लेकर आवाजाही कर रही हैं। तीन बसें आने वाले कुछ दिनों में चलनी शुरू हो जाएंगी। लेकिन पांच बसों का मेंटेनेंस नहीं होने से उनका संचालन बंद पड़ा हुआ है। बाकी की पांच बसें कब से सड़कों पर दौड़ेंगी निगम के अधिकारी इसके बारे में कुछ भी कहने से बच रहे हैं। 35 सीटर इन बसों में महिलाओं, निःशक्तजनों व वृद्धजनों के लिए सीटें सुरक्षित की गई हैं। वहीं निःशक्तजनों, नेत्रहीनों, 80 साल या इससे अधिक आयु के लोगों को, प्रमाणपत्रधारी नक्सल पीड़ित व एड्स रोगियों को किराए में 50 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। बताया गया कि यह सिटी बसें प्रतिदिन सुबह सात बजे से शाम सात बजे तक लोगों को सुविधा प्रदान करेंगी। सिटी बसों में प्रति व्यक्ति किराया प्रथम पांच किमी पांच रूपए निर्धारित किया गया है। बाद के प्रत्येक किमी पर 85 पैसा अतिरिक्त लिया जाएगा।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
City buses will run from Jagdalpur for Nagarnar, Bhanpuri and Karpavand


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2CeN1HI
via

Comments