रविवार को बालोद के नए बस स्टैंड में बसें चालू तो हुई लेकिन ज्यादा समय तक चल नहीं पाई। वजह एक भी सवारी नहीं मिल पाई। धमतरी से सिर्फ एक बस पहुंची, वह भी खाली ही रही। कोरोना के चलते 106 दिन तक बसों के पहिए थमे रहने के बाद चलाने का निर्णय लिया गया था। बालोद में धक्का देकर बस को चालू करना पड़ा लेकिन सवारी ही नहीं मिली।
सुबह 6 बजे बस ड्राइवर व कंडक्टर नए बस स्टैंड पहुंच गए थे। 8 बजे तक एक भी सवारी नहीं आई। इसके बाद भी सुबह 9 बजे गोंडवाना कंपनी की बस को धक्का देकर स्टार्ट किया गया। बस परिचालक चेतन वारदे कोई जाने वाला है चिल्लाते हुए झलमला तक पहुंचा लेकिन एक भी सवारी नहीं मिल पाई। गाड़ी को चारामा जाना था, लेकिन बस चालक राधे यादव ने घोटिया चौक के आगे नाका के पास गाड़ी यह सोच कर रोक दी कि शहर के अंदर एक भी सवारी नहीं मिली तो जंगल के अंदर गांवों में कौन बस में बैठने हमारा इंतजार कर रहा होगा
सोमवार को सवारी मिलेगी तो फिर बसें चलने लगेगी
चालक-परिचालक संघ के जिला अध्यक्ष शेख इमरान अहमद ने बताया कि रविवार को बस चलाने की कोशिश की गई, लेकिन सवारी ही नहीं पहुंची। अब सोमवार से बसें चलना शुरू हो जाएगी क्योंकि सोमवार को सभी कार्यालय खुलेंगे। ड्यूटी और काम से जाने वाले लोग पहुंचेंगे। जैसे-जैसे लोगों को जानकारी होगी लोग खुद बस मंे सवार होते चले जाएंगे।।
बसों से लाइट व स्पीकर गायब, थाने में शिकायत
शेख इमरान ने बताया कि बस स्टैंड में बसों के साइड का कांच तोड़ चोर बसों के अंदर तक घुस गए। करीब 12 से अधिक बसों के लाइट्स, साउंड सिस्टम के अलावा जरूरी चीजों को चोरी कर ले गए। इसके बाद बालोद थाने में इसकी शिकायत दर्ज करवाई गई। वहीं बस संचालकों ने बताया कि बस चालू होने पर हर सवारी को मास्क पहनना अनिवार्य है।
राजनांदगांव हॉटस्पॉट इसलिए अभी इंतजार करें
सोमवार से दुर्ग-दल्लीराजहरा-कांकेर और धमतरी रूट में इक्का-दुक्का बसें चलेगी। दादा बस कंपनी की बसें सोमवार को तय रूट में चलेंगी। राजनांदगांव हॉटस्पॉट के दायरे में है। कोरोना के मरीज ज्यादा मिलने से बंदिशें है इसलिए यहां बसें नहीं चलाने की बातें बस संचालक व ड्राइवर कह रहे है। न वहां से बसंे आएगी और न इधर से बसें वहां जाएगी।
सवारी नहीं होने से अधिकतर बसें खड़ी रही
बालोद में 38, दल्ली में 21, डौंडीलोहारा में 18, डौंडी में 7, गुरुर में 9, गुंडरदेही में 11, अर्जुन्दा में 3 बसों की साफ-सफाई की गई है। इनमंे 10 प्रतिशत बसों को चलाई जाएगी। लेकिन रविवार को सिर्फ चार बसों को ही चालू कर देखा गया। सवारी नहीं मिलने से अधिकतर बसें स्टैंड पर ही खड़ी रही। ड्राइवर, सवारी का इंतजार करते रहे।
हाथों को सैनिटाइज करने के बाद ही बैठेंगे
ड्राइवरों का कहना है कि सवारी ही नहीं पहुंचे इसलिए सैनिटाइज करने की नौबत ही नहीं आई। उम्मीद है अब धीरे-धीरे सवारी बढ़ने से ज्यादा बसें चलने लगेगी। बस यूनियन संघ के जिला उपाध्यक्ष सौरभ सिंह ने बताया कि बसों में साफ-सफाई की पूरी व्यवस्था की गई है। प्रत्येक सवारी के हाथों को सैनिटाइज से साफ करवाया जाएगा। तब सवार होंगे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3f37XzS
via
Comments
Post a Comment