बीते 4 दिन से लगातार हो रही बारिश के चलते इंद्रावती नदी का जलस्तर भी बढ़ता चला जा रहा है। बताया जाता है कि सुबह 6 बजे से हर घंटे 2 से 3 सेंटीमीटर पानी बढ़ता रहा, लेकिन दोपहर 12 बजे के आस-पास जलस्तर स्थिर हो गया। अब तक इंद्रावती नदी का अधिकतम जलस्तर 5.83 मीटर तक पहुंच गया।
ये जलस्तर खतरे के निशान से 1.47 मीटर नीचे है। इंद्रावती नदी का जलस्तर स्थिर हो जाने के बाद अब इसके कम होने की संभावना जताई जा रही है। दरअसल, ऊपरी इलाकों में कैचमेंट एरिया में हो रही बारिश का पानी इंद्रावती नदी पर आ गया है, जिससे जलस्तर बढ़ रहा था। इसके बाद ऊपरी इलाकों में बारिश बंद हो जाने के बाद जलस्तर स्थिर होने के साथ ही अब इसके कम होने की बात केंद्रीय जल आयोग के कर्मचारियों ने कही है।
मानसून द्रोणिका के साथ बंगाल की खाड़ी और झारखंड में बना कम दबाव का क्षेत्र, दक्षिण छत्तीसगढ़ के आखिरी छोर में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि मानसून द्रोणिका मध्य समुद्रतल पर सौराष्ट्र, वंशवाड़ा, गुना, सतना, डाल्टनगंज तक जा रही है। वहीं दीघा और उसके बाद पूर्व उत्तर पूर्व दिशा की तरफ होते हुए उत्तर पूर्व बंगाल की खाड़ी तक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके अलावा झारखंड के दक्षिण पूर्व हिस्से और आस-पास के इलाके में 7.6 किमी की ऊंचाई पर एक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके चलते अधिकांश जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी। इसके अलावा मंगलवार को अधिकांश जगहों पर मध्यम बारिश की संभावना उन्होंने जताई है। इधर दक्षिण छत्तीसगढ़ के आखिरी छोर पर एक-दो जगहों पर आकाशीय बिजली गिरने और भारी बारिश की चेतावनी भी दी जा रही है।
बारिश से बोधघाट में ढही किराना दुकान, अब तक राजस्व विभाग और नगर निगम की टीम ने नहीं ली सुध
बोधघाट चौक में एक किराने की दुकान के बारिश के चलते ढह जाने के बाद इसमें तकरीबन 4 लाख का नुकसान होने की बात कही जा रही है। वहीं दुकान श्याम थारवानी का बताया जाता है। घटना के 24 घंटों बाद भी उन्हें राहत देने को लेकर कोई भी पहल नहीं की जा सकी है। बताया जाता है कि लगातार हो रही बारिश के चलते किराना दुकान से लगे नाले से मिट्टी का कटाव होने लगा और पूरा किराना दुकान ढह गई। राजस्व विभाग सहित नगर निगम को भी घटना की जानकारी दी जा चुकी है, बावजूद अब तक प्रकरण तैयार करने न तो नगर निगम और न ही राजस्व विभाग का अमला ही मौके पर पहुंचा है।
बस्तर में बारिश 40.4 मिमी, संभाग में सबसे ज्यादा बारिश दंतेवाड़ा में
बस्तर जिले में सोमवार को बारिश 40.4 मिमी बारिश दर्ज की गई है। इसमें सबसे ज्यादा बारिश लोहंडीगुड़ा ब्लॉक में 104.2 मिमी रिकॉर्ड हुई है। जबकि पूरे बस्तर संभाग में दंतेवाड़ा जिले में ही सबसे ज्यादा 95.1 मिमी बारिश हुई है। दंतेवाड़ा जिले के तीन ब्लॉक दंतेवाड़ा, बड़े बचेली और कुआकोंडा में अच्छी बारिश हुई है और बारिश का आंकड़ा सौ मिमी से पार चला गया।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2ZM7DPB
via
Comments
Post a Comment