Skip to main content

लुंड्रा क्षेत्र में टिड्डियों की दस्तक, गन्ने की पत्तियां खा रहीं

लुंड्रा क्षेत्र के पड़ौली गांव में शुक्रवार की रात टिड्डियों का दल पहुंच गया है। हजारों की संख्या में मौजूद टिड्डियों ने गन्ने की फसल के पत्ते के पीप को खाकर नुकसान पहुंचाया है।
वहीं दल के वयस्क होने के कारण जल्द ही इनके बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। टिड्डियों के पहुंचने की सूचना पर जनप्रतिनिधियों और कृषि विभाग के अधिकारियों ने दौरा किया। इस दौरान उन्होंने किसानों से बात करते हुए हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया। बता दें कि शुक्रवार की रात लुंड्रा क्षेत्र के पड़ौली गांव में टिड्डियों के दल ने धावा बोल दिया है। इसकी सूचना मिलते ही स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव के निर्देश पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश गुप्ता, विधायक प्रीतम राम, जिला पंचायत अध्यक्ष मधु सिंह ने गांव का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने चिंता जाहिर करते हुए बताया कि टिड्डी के दल ने गन्ने के पत्ते के पीप को खा लिया है और यह दल यदि धान के खेतों में पहुंचता है तो बड़ा नुकसान होगा। जनप्रतिनिधियों ने बताया कि वह किसानों के संपर्क में हैं और टिड्डी के दल पर निगरानी रखी जा रही है। इस दौरान वहां फॉगिंग मशीन से दवा छिड़काव करने से संख्या में कमी आई है। उन्होंने बताया कि दल की अधिकांश टिड्डी वयस्क हैं। इसलिए जल्द ही उनकी संख्या तेजी से बढ़ेगी। इसकी रोकथाम के लिए जिला प्रशासन और कृषि विभाग प्रयास कर रहा है। स्वास्थ्य मंत्री ने भी टिड्डियों के आने पर चिंता जाहिर करते हुए समुचित उपाय करने के निर्देश दिए हैं। दस दौरान प्रदेश कांग्रेस सदस्य सोमेश्वर प्रताप सिंह, जनपद अध्यक्ष गंगाराम, उपाध्यक्ष वीरभद्र सिंह समेत बीडीसी, सरपंच और पंच आदि ने किसान के खेत का निरीक्षण किया और मुआवजा राशि दिलाने का आश्वासन दिया।

दवा छिड़काव कर पाया टिड्डियाें पर काबू
कृषि विभाग ने बताया कि एक हजार की संख्या में टिड्डियां पाई गईं थी। जिन्हें दवा का छिड़काव कर खत्म करवा दिया गया है। गन्ने की फसल में सिर्फ पत्तियों को खाया है। इसलिए नुकसान कुछ भी नहीं हुआ है। दवा छिड़काव के बाद स्थिति सामान्य हो गई है। सभी टिड्डियों को खत्म कर दिया गया है।

ये सभी लोकल टिड्डियां हैं: भगत
कृषि विभाग के उप संचालक एमआर भगत ने बताया कि लुंड्रा क्षेत्र में पाई गईं टिड्डियां स्थानीय हैं, जो आमतौर पर देश में पाई जाती हैं। इसलिए नुकसान नहीं हुआ है। यदि यह बाहर से आने वाली टिड्डियां होती तो अब तक पूरी फसल खा ली होती। किसानों को परेशान होने की जरूरत नहीं है, फिर भी पूरी निगरानी रखी जा रही है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Knocking of locusts, eating sugarcane leaves in Lundra region


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2BHabGu
via

Comments