Skip to main content

रकम लेकर पट्टा देने के विरोध में बंद रहा पखांजूर, लोग बोले- निशुल्क मिले

शासन द्वारा राशि लेकर पट्‌टा देने की योजना के विरोध में गुरुवार को नगर बंद रहा। इसको लेकर सुबह से ही पुराना व नया बाजार में दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर योजना पर विरोध जताया।
लोगों ने शासन से निशुल्क पट्टा दिए जाने की मांग की। इस दौरान अधिकारियों द्वारा दुकानदारों पर दबाव बनाने जाने का भी विरोध किया जा रहा है। व्यापारियों ने राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर निशुल्क पटटा देने के साथ ही नगर में रिक्त शासकीय भूमि के प्रकरण निरस्त करने की मांग की।
प्रशासन द्वारा अर्से से शासन की भूमि स्वामी पटटा योजना के तहत पट्टा देने की कार्यवाही की जा रही थी। पहले तो इस योजना में लोगों की कम दिलचस्पी देखा, जैसे ही अधिकारियों ने इस योजना के तहत दबाव बनाना शुरू किया, वैसे ही दुकानदार इसके विरोध में उतर आए। दुकानदारों का आरोप पखांजूर तहसीलदार द्वारा एक-दो व्यापारी को रोज बुला उन पर दबाव बनाया जाता है और पटटा न लेने पर दुकान तोड़ देने की धमकी दी जाती है। कुछ दिनों पूर्व एक व्यापारी पर इसी तरह से दबाव बनाया गया। व्यापारी ने इसकी जानकारी बाजार कमेटी को दी। इसके बाद पुराना तथा नया बाजार के दुकानदार इसके विरोध में उतर आए हैं। प्रदर्शन को नगरवासियों का भी समर्थन मिल रहा। इसको लेकर गुरुवार को व्यापारियों ने बंद का आह्वान किया।
योजना भू माफियाओं के लिए बना वरदान : पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष व नया बाजार के वार्ड क्र 7 के पार्षद असीम राय ने भी तहसीलदार को शिकायत पत्र सौंपा और रिक्त भूमि के प्रकरण निरस्त करने की मांग की। उन्होंने कहा कि शासन की भूमि स्वामी योजना पखांजूर में शासकीय भूमि स्वामी योजना बन गई है।
पंखाजूर में पूर्व कब्जा की भूमि लेने से अधिक आवेदन शासकीय खाली जमीन के लिए दिए जा रहे हंै। नया बाजार स्थित बस स्टैंड, पशु चिकित्सालय की सारी की सारी भूमि का पटटा नगर के प्रभावशालियों को देने का प्रकरण बना लिया गया है। कालोनी की भूमि जहां शासकीय आवास था वहां का भी प्रकरण बना शासन पट्टा देने की तैयारी में है। ऐसे में यह योजना पखांजूर में भू-माफिया के लिए वरदान बन रही है।
सभी आरोप निराधार हैं : पखांजूर तहसीलदार शेखर मिश्रा ने कहा कि शासकीय रिक्त भूमि का एक भी प्रकरण स्वीकृत नहीं किया गया है। वे पात्र हितग्राहियों को बुलाकर इस योजना के संबंध में जानकारी देते हैं और पटटा लेने से होने वाले लाभ के संबंध में बताते हैं। उनके द्वारा किसी पर योजना के तहत पट्टा लेने के लिए बेजा दबाव नहीं बनाया गया, यह आरोप निराधार है।

दुकानदारों को थाने बुलाकर आंदोलन की ली जानकारी
पखांजूर एसडीओपी मंयक तिवारी, पुलिस निरीक्षक पखांजूर शरद दुबे ने सभी दुकानदारों से आंदोलन की रूप रेखा की जानकारी ली और किसी भी प्रकार का धरना प्रदर्शन न करने, सोशल डिस्टेंिसंग का पालन कर ज्ञापन देने कहा। पुलिस के निर्देश के बाद आंदोलन महज बंद तक ही सीमित रह गया। दुकानदारों की ज्ञापन सौंपने के पूर्व बैठक करने की योजना थी, लेकिन पुलिस के हस्तक्षेप से सारी योजना धरी की धरी रह गई। इसके बाद कुछ व्यापारी 3 बजे एसडीएम कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन सौंपकर चले आए। पुराना बाजार तथा नया बाजार कमेटी द्वारा संयुक्त कमेटी बनाई गई है, जो इस आंदोलन को लीड कर रही है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Pakhanjur remained closed in protest against granting money, people said - get free


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2AEvFUb
via

Comments