भाई की सड़क हादसे में मौत के बाद परिवार वालो पर कर्ज बढ़ता गया। ऐसे में परिवार को कर्जमुक्त करने के लिए तमिलनाडू कमाने गई युवती ने फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली। युवती के इस कदम से पूरा परिवार सदमे में हैं,वहीं जिस फैक्ट्री में काम करने के लिए गई थी, उसके संचालक ने युवती के शव को गांव भेजने के लिए परिवार से तीन लाख रुपए की मांग कर दी। शव भेजने के एवज में पैसे की मांग तपकरा पुलिस तक पहुंची तो उसने मामले में हस्ताक्षेप करते हुए युवती के शव को गांव लाने में सहायता की।
लवाकेरा के वार्ड क्रमांक 16 निवासी लक्ष्मी चौहान के भाई की सड़क हादसे में मौत हो गई थी। भाई की मौत होने के बाद परिवार पर कर्ज चढ़ता गया। अपने परिवार को कर्ज में डूबे हुए देखकर लक्ष्मी ने परिवार को कर्जमुक्त करने के उद्देश्य से काम की तलाश शुरू की और 1 मार्च को गांव की ही एक पहचान की महिला के साथ अगरबत्ती फैक्ट्री में काम करने तमिलनाडु चली गई। तमिलनाडु में उसे काम मिल गया। इस बीच पूरे देश में लॉकडाउन लागू हो गया, लेकिन उसकी फैक्ट्री में काम बंद नही हुआ। इसलिए वह लॉकडाउन के दौरान भी नहीं लौटी और फैक्ट्री में मज़दूरी करती रही। इस बीच लक्ष्मी बराबर परिवारवालों से फोन पर बातचीत करती रही। गुरुवार को भी लक्ष्मी ने भाभी से फोन से बातचीत की थी।
बातचीत के दौरान लक्ष्मी ने भाभी को बताया था कि सब कुछ ठीक है और वह अच्छे से है, लेकिन अगले ही दिन शुक्रवार की रात को लक्ष्मी की मौत की खबर आ गई। जिस फैक्ट्री में वह काम करती थी वहां से घरवालो को फोन कर बताया गया कि लक्ष्मी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। इस खबर को सुनते ही परिवार के लोग सदमे में आ गए। लक्ष्मी के परिजनों के सामने सबसे बड़ी समस्या यह थी कि लक्ष्मी का अंतिम संस्कार कहां और कैसे किया जाए। मृतिका जिस फैक्ट्री में काम करती थी, उसके संचालक ने लॉकडाउन का हवाला देकर शव को उसके गांव भिजवाने को मना कर दिया, लेकिन आखिर में उन्होंने शव को गांव भेजवाने के एवज में परिजन से 3 लाख रुपए की मांग कर दी।
पुलिस ने दबाव बनाया तो माना संचालक
पैसे की डिमांड का पता चलने पर थाना प्रभारी वीएन शर्मा ने फैक्ट्री संचालक को साफ-साफ कहा कि अगर उनके द्वारा उनके खर्च पर शव नहीं भिजवाया जाएगा और मृतका के वेतन सहित मुआवजा नहीं दिया तो फैक्ट्री संचालक के खिलाफ कानूनी कार्यवाही की जाएगी। तपकरा पुलिस का दबाव काम आया और फैक्ट्री वाले आखिरकार लक्ष्मी के शव को अपने खर्चे पर भिजवाने को तैयार हो गए। मृतिका लक्ष्मी के भाई चमरू चौहान ने बताया कि सोमवार की रात तक शव गांव पहुंच जाएगा। थाना प्रभारी बी एन शर्मा ने बताया कि फैक्ट्री संचालक को मृतिका के कमाए रुपए और असामयिक मौत की मुआवजा राशि देने को कहा गया है ।
युवती का शव पहुंचा
"तमिलनाडु में युवती द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने और फैक्ट्री संचालक द्वारा शव भेजने के नाम पर तीन लाख रुपए की मांगने की सूचना मिली तो संबंधित थाना एवं फैक्ट्री संचालक से बात कर शव को गांव भेजने के लिए कहा। संचालक को परिजन को युवती का वेतन मुआवजा सहित देने कहा है। शव उसके गांव पहुंच गया है।''
-व्हीएन शर्मा,थाना प्रभारी तपकरा
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2WfNEYB
via
Comments
Post a Comment