Skip to main content

खाली सरकारी जमीन को छोड़ निजी जमीन पर बना रहे भवन

जनपद पंचायत मनेंद्रगढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत हस्तिनापुर के उप सरपंच, पंच और ग्रामीणों ने जनपद पंचायत सीईओ को संयुक्त हस्ताक्षरित पत्र सौंपकर पंचायत में खाली पड़ी सरकारी जमीन को छोड़कर सरपंच द्वारा अपने घर के पास निजी भूमि पर पंचायत भवन का निर्माण कराने की शिकायत की है। इस संबंध में सोनकुंवर, गोविंद सिंह, रामबाई, जगदीश, सुखराज सहित दर्जनों ग्रामीणों ने अपनी शिकायत में कहा कि सरपंच पंचायत भवन का निर्माण अपने घर के पास निजी जमीन पर करा रहा है, जबकि ग्राम पंचायत में सरकारी जमीन खाली पड़ी है। नींव खुदाई का कार्य भी शुरू हो गया है। ग्रामीणों ने कहा कि हस्तिनापुर में दो पारा हैं, जहां लोग रहते हैं। इन दोनों पारा के बीच छत्तापाठ में खाली सरकारी जमीन पर पंचायत भवन बनाने से सभी ग्रामीणों की पहुंच सुलभ हो सकेगी। इसके विपरीत वर्तमान में निर्माण स्थल से हस्तिनापुर के अन्य पारा की दूरी लगभग 4-5 किलोमीटर पड़ेगी, जिससे ग्रामीणों को अपने पंचायती कार्य के लिए लंबी दूरी तय करनी होगी। इससे उनके अधिक समय और धन खर्च होंगे। ग्रामीणों ने कहा कि पंचायत भवन निर्माण कार्य के लिए सरपंच ने उप सरपंच, पंच व ग्रामीणों की सहमति भी नहीं ली है। ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत हस्तिनापुर में पंचायत भवन निर्माण दोनों पारा के बीच में स्थित सरकारी खाली जमीन छत्तापाठ में कराने की मांग की है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2DQTp8F
via

Comments