सुकमा जिले के पोदेराम पंचायत में पदस्थ पटवारी शब्बीर खान के खिलाफ पैसे लेकर पट्टा देने के आरोपों का सिलसिला थम नहीं रहा है। कुछ दिन पहले जहां सीपीआई के नेता रामा सोढ़ी ने 316 एकड़ जमीन के मामले को लेकर पटवारी पर आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। यह मामला अब तक सुलझा नहीं है कि अब पोदेराम पंचायत के ग्रामीणों ने खान पर आरोप लगाया है कि उन्होंने जमीन का पट्टा देने के नाम पर उनसे 1 लाख 10 हजार रुपए ले लिए थे।
ग्रामीण माड़वी जोगा, हिङमा, देवा, सोमडी, करतम देवा और रामलाल कश्यप ने कहा कि पटवारी द्वारा कृषि भूमि का अलग पट्टा बनाने के नाम से उनसे प्रति एकड़ एक हजार रुपए के हिसाब से पटवारी द्वारा पैसा लिया गया। किसानों ने कहा कि पटवारी अवैध तरीके से जमीन बंटवारे को लेकर पैसे की उगाही करते हैं। पैसे नहीं देने पर पटवारी द्वारा किसानों को बार-बार बुलाकर परेशान किया जाता है। गौरतलब है कि पटवारी शब्बीर खान को हटाने और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग सीपीआई ने सुकमा कलेक्टर से की है। जिसको लेकर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इधर जब इस मामले को लेकर पटवारी शब्बीर खान से बात की गई तो उन्होंने कहा कि उन पर जो इल्जाम लगाया गया है वह निराधार है। मैंने किसानों से जमीन बंटवारे के नाम पर कोई पैसा नहीं लिया है।
सोढ़ी ने कहा- जमीन विवाद में एक की जान चली गई मौके पर गए बिना ही पटवारी ने बंटवारा कर दिया
जिला पंचायत सदस्य रामा सोढ़ी ने कहा कि पटवारी द्वारा आदिवासियों से जमीन बंटवारे के नाम पर पैसे की उगाही की जाती है। इनकी मनमानी का आलम यह है कि ये मौके पर जाए बिना ही जमीन का बंटवारा कर देते हैं। सोढ़ी ने कहा कि कुछ दिन पहले उनके पैतृक गांव मुनगा में जमीन विवाद में एक व्यक्ति की जान चली गई जिसकी जानकारी परिवार के लोगों ने पटवारी को दी। इसके बाद मौके पर जाए बगैर ही पटवारी ने जमीन का बंटवारा कर दिया। पटवारी शब्बीर खान ने किसानों से अवैध तरीके से जितने पैसे की वसूली की है उसे किसानों को वापस दिलाया जाए और उनके खिलाफ कार्रवाई हो इसकी मांग को लेकर जल्द ही कलेक्टर को एक बार फिर से ज्ञापन सौंपा जाएगा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3hmQjYo
via
Comments
Post a Comment