बनना चाहते थे करोड़पति, बिहार से हावड़ा व बिलासपुर के रास्ते रायगढ़ पहुंचे, बैंकों की रेकी की, नहीं बच पाए सीसी कैमरे व ग्रामीणों की नजर से
किरोड़ीमलगर आजाद चौक के एटीएम से शुक्रवार दोपहर लगभग 2 बजे 14.50 लाख रुपए लूटने और कैश वेन के ड्राइवर की हत्या कर भागने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने 10 घंटे बाद शुक्रवार की रात (लगभग 12 बजे) केराझर में उनके किराए के घर से पकड़ लिया। आरोपियों से पुलिस ने लूटे गए रुपयों के साथ 2 पिस्तौल, 2 देसी कट्टे, गोलियां, बाइक समेत दूसरे सामान जब्त किए हैं। आईपीसी की धारा 302, 307, 397 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। बकौल एसपी, डीजीपी और आईजी ने रायगढ़ पुलिस को सम्मानित करने की बात कही है।
शनिवार सुबह 11 बजे पुलिस कंट्रोल रूम में एसपी संतोष सिंह ने आरोपी व जब्त सामानों के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस कर घटना के साथ पुलिस के ऑपरेशन की जानकारी दी । वारदात का मास्टरमाइंड सुधीर सिंह (23) ग्राम खम्हौरी जिला सिवान, बिहार का रहने वाला है। उसके बिहार के कैमूर जिले के रामगढ़ थाना बिग बाजार का विराट सिंह उर्फ पिंटू वर्मा (18) था। पहले विराट बाइक से उतरकर एटीएम गया। यहां उसने गनमैन को गोली मारी। बाहर मुख्य आरोपी सुधीर सिंह ने कैश वेन में बैठे ड्राइवर अरविंद पटेल की गोली मारकर हत्याकर दी। फिर वह भी अंदर गया। दोनों ने एटीएम के भीतर भी गोली चलाई। यहां कैश वेन के साथ आए एजेंसी के दो टेक्नीशियन रुपए लोड कर रहे थे। आरोपियों ने पिस्तौल दिखाकर 13 लाख रुपए से भरे बैग के अलावा एटीएम के कैसेट में रखे डेढ़ लाख रुपए भी उठाए और फायरिंग करते हुए भाग निकले। ये लोग खरसिया जाने वाले रास्ते से भागे थे।
गार्ड को पांच गोली लगी, तीन अब भी पेट में
हमले में घायल कैश वेन का गार्ड विनोद पटेल फोर्टिस अस्पताल में जिंदगी के लिए संघर्ष कर रहा है। उसे पांच गोलियां लगी थीं। शनिवार दोपहर जब उसके ऑपरेशन की तैयारी की जा रही थी तब उसके पेट में तीन गोलियां धंसी हुई थीं, जिसे निकाला नहीं जा सका था। उसकी हालत गंभीर बताई गई है।
खूंखार अपराधी को पनाह देता रहा उसका बड़ा भाई
सुधीर का भाई वरूण सिंह यहां ग्लेज इंडिया नामक कंपनी चलाता है। यह कंपनी युवाओं को उज्ज्वल भविष्य का ख्वाब दिखाकर ट्रेनिंग देती है और कुछ रुपए लेकर नेटवर्क मार्केटिंग कराती है। वरूण की फ्रेंचाइजी पर कई आरोप लग चुके हैं। वारदात में जिस बाइक का इस्तेमाल हुआ वह वरूण सिंह की बताई जा रही है। आरोपियों से जब्त बाइक सीजी13 वाई 6135 सुधीर के भाई वरूण की बताई जा रही है।
बेफिक्री इसलिए...
किरोड़ीमलनगर में हुई वारदात में कैश वैन के ड्राइवर की हत्या हो गई। जबकि गार्ड पांच गोली लगने के बाद जिंदगी के लिए संघर्ष कर रहा है। 4 अक्टूबर 2010 को आईसीआईसीआई बैंक में हुई 76 लाख रुपए की लूट के आरोपियों ने बंदूक लहराते हुए वारदात की थी। बैंक ने 56 लाख की लूट बताकर इंश्योरेंस कंपनी से क्लेम ले लिया। लूट के आरोपियों को पकड़ने रायगढ़ पुलिस अपनी नाक बचाने के लिए सवा साल तक बिहार, झारखंड, बंगाल, ओडिशा, महाराष्ट्र में भटकती रही। बैंक प्रबंधनों ने इससे कोई सबक नहीं लिया। इंश्योरेंस होने के कारण बैंक सुरक्षा पर ध्यान नहीं देते हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2ZCBc63
via
Comments
Post a Comment