जिले में इंग्लिश स्कूल खोलने का खामियाजा सैकड़ों छात्राओं को भुगतना होगा। आने वाले दिनों में अब नई छात्राओं को कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल में प्रवेश नहीं मिलेगा। इन छात्राओं को अब आने वाले दिनों में ब्वायज हायर सेकेंडरी स्कूल में जाकर पढ़ाई करनी होगी।
जिला मुख्यालय में 25 साल से हिंदी माध्यम में संचालित कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल का अस्तित्व खत्म होने वाला है। 1995 में कांग्रेसी नेता राजेन्द्र पामभोई ने जनभागीदारी के माध्यम से स्कूल का शुभारंभ किया था। इतने सालों बाद शिक्षा विभाग अब यहां पर इंग्लिश मीडियम स्कूल की शुरूआत
करने जा रहा है।
दरअसल 17 फरवरी को छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव डॉ. आलोक शुक्ला ने प्रदेश के हर जिले में सीबीएसई इंग्लिश मिडियम स्कूल खोलने का आदेश जारी किया था। इसके लिए ऐसे स्कूल का चयन करना था जिसमें छात्र-छात्राओं को हर तरह की सुविधा मिले। सचिव के आदेश का पालन करने के लिए शिक्षा विभाग इस स्कूल का चयन सीबीएसई इंग्लिश मिडियम स्कूल के संचालन के लिए किया। अधिकारियों ने कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल के डाईस कोड को सीबीएसई इंग्लिश मिडियम स्कूल के नाम पर पंजीकृत कर दिया है जिससे दस्तावेजों में अब कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल का अस्तित्व धीरे-धीरे खत्म हो जाएगा।
ब्वायज स्कूल में छात्राओं को होगी परेशानी, शाला समिति के सदस्य ने कहा- अधिकारी मनमानी कर रहे
मामले को लेकर नगर पालिका उपाध्यक्ष और स्कूल प्रबंधन समिति के सदस्य पुरुषोत्तम सल्लूर ने कहा कि शिक्षा विभाग के अधिकारी हिंदी माध्यम से पढ़ने वाली छात्राओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहा है। आने वाले दिनों में इस स्कूल में पढ़ा रहे शिक्षकों को भी यहां से निकाल दिया जाएगा। जिसको लेकर शिक्षक भी नाराज हैं।
सीधी बात
दुब्बा सोमैय्या, डीईओ
सवाल -कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल में हिंदी में पढ़ाई नहीं होगी क्या ?
-अभी दोनों मीडियम से पढ़ाई होगी।
सवाल -दूसरे स्कूल से पढ़कर आने वाली नई छात्राओं को प्रवेश मिलेगा?
-नहीं, कोई नया प्रवेश नहीं दिया जाएगा। जो छात्राएं पढ़ रही हैं। केवल उन्हें ही अगली कक्षा में प्रवेश दिया जाएगा।
सवाल - क्या हिंदी माध्यम को आने वाले दिनों में बंद कर दिया जाएगा?
-हां यह बात सही है। कुछ सालों के अंदर इस स्कूल में हिंदी मीडियम से पढ़ाई बंद कर दी जाएगी।
सवाल -इस नए शिक्षा सत्र में हिंदी और इंग्लिश मीडियम स्कूल कैसे संचालित होगा?
-अब तक इस संदर्भ में कोई निर्देश नहीं मिला है। जैसे ही मिलेगा आगे की व्यवस्था की जाएगी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2BkhzI0
via
Comments
Post a Comment