Skip to main content

एक दिन में 87 केस, इनमें 56 जवान

बस्तर संभाग में शनिवार को एक ही दिन में 87 नए कोरोना पॉजिटिव मरीज सामने आए हैं। इनमें बस्तर जिले से कुल 8, दंतेवाड़ा से 6, बीजापुर से 14, नारायणपुर से 7, सुकमा से 4, कोंडागांव से 3 और सबसे ज्यादा कांकेर में 45 नए मरीज मिले हैं। पूरे 87 मरीजों में से सबसे ज्यादा अलग-अलग फोर्स के जवान संक्रमित पाए गए हैं। इनमें कुल 56 जवान संक्रमित मिले हैं। इनमें बस्तर जिले से जिला बल के 3 जवान, दंतेवाड़ा में सीआरपीएफ के 4 जवान, बीजापुर से 11 जवान, नारायणपुर से 1, सुकमा से 4 जवान और सबसे ज्यादा कांकेर में बीएसएफ के 33 जवान कोरोना संक्रमित मिले हैं।
इधर बस्तर जिले के भानपुरी थाने के चेकपाेस्ट पर तैनात 3 जवानाें काे काेराेना संक्रमित हाेने की पुष्टि के बाद पूरे थाने काे सील कर दिया गया है। वहीं सुबह पाॅजिटिव अाए एक जवान के परिवार काे भी हाेम क्वारेंटाइन किया गया है। इस जवान का सैंपल 13 जुलाई को लिया गया था। जिसकी रिपोर्ट शनिवार को आई। यह जवान अपने गांव सितलावंड से रोज आना-जाना करता था। कुछ दिन पहले करपावंड में एक मृत्यु कर्म में शामिल हुआ था। शनिवार को पॉजिटिव आने के बाद उसकी ट्रेवल हिस्ट्री ली गई। हालांकि वह कहीं बाहर नहीं गया था लेकिन गांव में प्राथमिक संपर्क में आए उसके परिवार को होम क्वारेंटाइन कर दिया गया है। मृत्यु कर्म के लिए आए नाई को भी क्वारेंटाइन किया गया है। करपावंड में उसके सैलून को सील किया गया था। करपावंड में सैलून के इलाके और सीतलावन के मारीपारा को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया गया है।
इसके अलावा दो अन्य व्यक्ति भानपुरी में उस परिवार से हैं जो पिछले दिनों बिहार से बेटे की शादी कर लौटा था। यह परिवार नई बहू लेकर बिहार से आया था। लोगों की समझाइश के बाद भी ये क्वारेंटाइन नहीं हुए थे। इनमें से एक व्यक्ति पहले ही संक्रमित पाया गया है। इस परिवार से दो सदस्यों के शनिवार को संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। एसडीएम गाेकुल रावटे ने बताया कि भानपुरी थाने का एक जवान शनिवार सुबह कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। यहां बनाए गए चेक पोस्ट में उसकी ड्यूटी लगाई गई थी। इस बीच जब यहां तैनात जवानों के स्वॉब सैंपल लेकर मेकॉज भेजे गए तो यहां जवान के पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई।

शनिवार को 14 मरीज किए गए डिस्चार्ज
मेकॉज के कोविड हॉस्पिटल में भर्ती 72 मरीजों में से शनिवार को 14 मरीज संक्रमणमुक्त घोषित कर डिस्चार्ज कर दिए गए हैं। ऐसे में यहां एक्टिव केस की संख्या 58 हो गई है। बताया जाता है कि अब तक मेकॉज में 301 कोरोना पॉजिटिव मरीजों को भर्ती किया जा चुका है, जिसमें से 243 अब तक डिस्चार्ज कर दिए गए हैं। ऐसे में मेकॉज में 58 मरीज अब भी भर्ती हैं। बस्तर जिले के 5 और सुकमा जिले के 4 मरीजों को यहां भर्ती करने के बाद संख्या बढ़कर 67 हो जाएगी।

तेलंगाना से आया ठेकेदार का कर्मचारी पॉजिटिव आने के बाद भागा, देर रात पकड़ाया
बीजापुर जिले में शनिवार को 14 मरीज काेरोना पॉजिटिव मिले हैं। बताया जाता है कि इन संक्रमितों में 10 मरीज सीआरपीएफ के जवान, एक छत्तीसगढ़ रिजर्व फोर्स का जवान, एक महिला स्वास्थ्य कर्मी, गंगापुर राहत शिविर में रह रही एक गर्भवती महिला और तेलंगाना से भोपालपटनम आया एक ठेकेदार का कर्मचारी शामिल हैं। तेलंगाना से आया ठेकेदार के कर्मचारी भोपालपटनम में रह रहा था। उसका सैंपल 10 जुलाई को भेजा गया था, जिसकी रिपोर्ट शुक्रवार की देर रात आई। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद इससे पहले की स्वास्थ्य विभाग का अमला उस तक पहुंचता, वह अपने गांव ताड़वाया चला गया। बाद में पतासाजी करते हुए उसे पकड़ लिया गया। इस दौरान वह जितने लोगों के संपर्क में आया, उसकी जांच की जा रही है।
जानिए, किस जिले से कितने पॉजिटिव मिले
जिला -पॉजिटिव
बस्तर-8
दंतेवाड़ा-6
बीजापुर-14
नारायणपुर-7
सुकमा-4
कोंडागांव-3
कांकेर-45
कुल- 87



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
87 cases in one day, 56 jawans among them


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3jcyoWl
via

Comments