Skip to main content

जिला कांग्रेस कमेटी के गठन पर हुई चर्चा, 7 दिन में करेंगे पदाधिकारियों के नाम तय

रविवार को कांग्रेस के जिले के नेताओं की बैठक हुई। जिसमें जिला कांग्रेस कमेटी तथा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के गठन पर मंथन किया गया। यह निर्णय लिया गया कि आने वाले सात दिनों के अंदर कार्यकारिणी का गठन कर लिया जाएगा। क्योंकि पीसीसी द्वारा दिए गए डेड लाइन 26 जुलाई से पहले कार्यकारिणी की घोषणा करनी होगी।
सूत्रों के अनुसार 16 जुलाई को राजधानी में पीसीसी की बैठक हुई थी। बैठक में सीएम भूपेश बघेल, पीसीसी चीफ मोहन मरकाम के अलावा सभी जिलों के अध्यक्ष, जिलों के प्रभारी सहित तमाम बड़े नेता शामिल हुए। इस बैठक में सख्त चेतावनी दी गई कि दस दिनों के अंदर जिलाध्यक्ष अपनी कार्यकारिणी की घोषणा करें। इन दस दिनों के अंदर घोषणा नहीं होने की स्थिति में संबंधित जिले के प्रभारी तक को पद से मुक्त कर देने की चेतावनी दी गई है। इसी आदेश के तहत रविवार को जिले के बड़े नेताओं, जिलाध्यक्ष, पूर्व जिलाध्यक्ष, जिपं अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, पूर्व जिपं अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, विधायक, विधान सभा चुनाव लड़ चुके नेता, एआईसीसी, पीसीसी के पदाधिकारी सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में इस पर चर्चा की गई।
साथ ही तीन दिनों के अंदर जिला कार्यकारिणी व ब्लॉक अध्यक्षों की घोषणा करने का निर्णय लिया गया। बैठक में प्रभारी अर्जुन तिवारी, जिलाध्यक्ष चौलेश्वर चंद्राकर, एआईसीसी सदस्य मंजू सिंह, रवि भारद्वाज, रवि पांडे, चुन्नीलाल साहू, प्रेमचंद जायसी, गोरेलाल बर्मन, अनिल चंद्रा, अजीत साहू, रमेश पैगवार, प्रवीण पांडेय व अन्य मौजूद थे।

अनावश्यक खबरों का करें खंडन, पर्सनल मुद्दों से रहें दूर
बैठक में साइकिल यात्रा के बाद राजधानी में हुए विरोध की छाया भी पड़ी। इस बात की चर्चा हुई कि सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से जिलाध्यक्ष का फोटो लगाकर कुछ अनावश्यक खबरें प्रसारित कर दी जाती है। जिले के प्रभारी अर्जुन तिवारी ने जिलाध्यक्ष को कहा कि यदि ऐसी खबरें जो उनसे संबंधित नहीं रहती, जिसमें उनके फोटो लगा दिए जाते हैं वे यदि पब्लिक डोमेन में आती हैं तो ऐसी खबरों का वे खंडन करें ताकि भ्रम की स्थिति न हो। सूत्रों के अनुसार जिलाध्यक्ष चौलेश्वर चंद्राकर ने भी यह पीड़ा व्यक्त की कि उनके भी पर्सनल मैटर को लेकर शिकायत की जाती है। श्री चंद्राकर की शिकायत पर भी यह कहा गया कि निजी मामलों को सार्वजनिक न करें। साथ ही यह भी कहा गया कि विरोध करना अलग बात है लेकिन सार्वजनिक न करें और न ही जिला कांग्रेस कमेटी के खिलाफ टिप्पणी करें।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3hjMQKu
via

Comments