Skip to main content

आजादी के 74 साल में पहली बार 15 अगस्त पर जिले में नहीं होंगे सांस्कृतिक प्रोग्राम, वाॅरियर्स का होगा सम्मान

कोरोना ने 15 अगस्त को होने वाले उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों, स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों सहित अन्य विभाग के लोगों का सम्मान रोक दिया है। इस बार न ही सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे और न ही झंडारोहण के दौरान लोगों की भीड़ जुटेगी। केवल 5 लोगों की मौजूदगी में शहर के प्रमुख स्थानों में झंडे फहराए जाएंगे। सुखद बात यही रहेगी कि जो कर्मी कोरोना जैसी जानलेवा बीमारी की परवाह नहीं करते हुए संक्रमित मरीजों की जान बचाने में खुद हो जोखिम में डालकर काम कर रहें है ऐसे योद्धाओं का सम्मान होगा।

देशभक्ति व आजादी के जश्न होंगे फीके
स्वतंत्रता दिवस में कौमी एकता, देशभक्ति, आजादी और वीरों की शहादत पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम दुर्ग-भिलाई के मुख्य कार्यक्रम स्थलों में होता रहा है। इसके अलावा सभी स्कूलों में धूमधाम से 15 अगस्त मनाया जाता रहा है। हर साल जिले के करीब 3 लाख स्कूली बच्चे इस कार्यक्रमों में शामिल होते रहे हैं। कोरोना की वजह से स्कूल बंद हैं इसलिए इस बार देशभक्ति और आजादी का जश्न नहीं होंगे। मिठाई, ट्रॉफी वितरण भी लोगों में प्रतिबंधित रहेगा।

370 उत्कृष्ट कर्मियों का सम्मान पर असर
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर संभाग स्तर, जिला स्तर, ब्लॉक स्तर और विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा अपने परियोजना स्तर पर श्रेष्ठ कार्य करने वाले कर्मियों को पुरस्कार देते रहे हैं। जिले में करीब 350 श्रेष्ठ कर्मियों के सम्मान पर कोरोना का असर पड़ेगा। शिक्षा विभाग के उत्कृष्ठ शिक्षकों, खेल, हेडमास्टर, प्राचार्य इस बार सम्मानित नहीं किए जा सकेंगे। पुलिस विभाग, महिला बाल विकास विभाग, चिकित्सा विभाग, पंचायत विभाग सहित अन्य विभागों से संभावित नाम मंगवाए नहीं जा रहे हैं।

25 दिन पहले प्रैक्टिस और मंगवाते हैं प्रस्ताव
स्वतंत्रता दिवस पर जिला प्रशासन द्वारा समारोह की तैयारी शुरू करवा दी जाती है। जिला शिक्षा विभाग द्वारा बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों व आकर्षक मार्च पास्ट के लिए प्रैक्टिस शुरू करवा दी जाती थी। इन दिनों यह नजारा गायब है। बच्चे घर पर है और अभ्यास करवाने वाले टीचर भी। सरकारी विभाग के प्रमुख अपने विभागीय कर्मियों को सम्मानित करने के लिए 25 दिन पहले ही नाम मंगवाते रहे हैं जो इस बार नहीं कर पा रहे। वहीं कोरोना वारियर्स का सम्मान किया जाएगा। इसकी तैयारी चल रही है।

इस बार केवल कोरोना वॉरियर का सम्मान...
"स्वतंत्रता दिवस के मौके पर इस बार केवल कोरोना वॉरियर का सम्मान हम कर पाएंगे। बाकी विभागों में हर साल उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित करने का प्लान कोरोना की वजह से रोक दिया गया है। झंडारोहण भी नियम का पालन करते हुए आयोजित किए जाएंगे। जिले में इसके लिए सभी को दिशा-निर्देश दिए गए हैं।"
-डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भूरे, कलेक्टर



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2Dbzn8r
via

Comments