सरायपाली-सिंघोड़ा क्षेत्र में पेट्राेल पंप और डीजल टैंकर लूटने के फिराक में घूम रहे अंतरराज्यीय डकैत गिरोह को पुलिस ने पकड़ा है। गिरफ्तार 7 आरोपियों में 6 मध्यप्रदेश के रहने वाले हैं, जबकि 1 ओडिशा के नुआपाड़ा का रहने वाला है। इनके दो साथी फरार हैं, जो एमपी के हैं। इनके कुछ साथी संबलपुर की ओर सक्रिय हैं, जिनकी तलाश जारी है। पकड़े गए आरोपी डकैती, लूट और हत्या के मामले में पहले भी जेल जा चुके हैं।
गिरोह पिछले कई वर्षों से मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र और ओडिशा में लगातार सक्रिय था और लगातार क्षेत्र में कई वारदात को अंजाम दे रहा था। गिरोह जिले में कोई वारदात कर पाते, इसके पहले ही पकड़े गए। सरायपाली पुलिस ने इनके खिलाफ धारा 394, 398, 399 के तहत मामला दर्ज कर जांच कर रही है।
रविवार को पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि रायगढ़ और कवर्धा में लूट की घटनाओं के बाद जिले की पुलिस सक्रिय थी। इसी दौरान सूचना मिली कि क्षेत्र में कुछ संदिग्ध लोग घूम रहे हैं और वे स्कार्पियो क्रमांक एमपी 15 सीए 4358 में सवार हैं। पुलिस ने सिंघोड़ा थाना क्षेत्र में नाकेबंदी कर इन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन ये बेरिकेड्स तोड़कर फरार हो गए। सिंघोड़ा पुलिस इनका पीछा कर रही थी और मामले की सूचना सरायपाली पुलिस को दी। इधर, सरायपाली पुलिस ने भी नवागढ़ में बेरियर लगाकर गाड़ी को रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी यहां से भी बेरिकेड्स तोड़कर सारंगढ़ की ओर भागने लगे। पुलिस की टीम ने गाड़ी का पीछा किया और ओवरटेक कर पकड़ा।
पूछताछ में वाहन चालक ने अपना नाम सोनू बाल्मिकी उम्र 28 वर्ष ग्राम छापिहैडा जिला शाजापुर, मध्यप्रदेश का रहने वाला बताया। वाहन में बैठे दूसरे व्यक्ति ने अपना नाम कुरूध्वज तांडी उम्र 24 वर्ष ग्राम केन्दुपाली, जिला नुआपाड़ा का रहने वाला बताया। दोनों ने पूछताछ में बताया कि वे अपने 7 साथियों के साथ एमपी से यहां आए थे। वे आउटर में खड़े टैंकर से तेल चोरी करते हैं और पेट्रोल पंप सहित अन्य बड़े आसामी के घर की रेकी कर डकैती करते थे। यहां भी वे इसी प्लान के तहत आए थे।
ट्रक काे राेककर पांच आरोपियों काे किया गया गिरफ्तार
सरायपाली में पकड़े गए दोनों आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उनके 5 साथी ओडिशा की ओर से ट्रक क्रमांक एमपी 09 एचजी 848 में आ रहे हैं। पुलिस की टीम ने आरोपियों के बताए गाड़ी नंबर के आधार पर खम्हारपाली के आगे ट्रक को रोककर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार किया। दो आरोपी फरार हैं। पकड़े गए आरोपियों में अनिश खान उम्र 30 वर्ष इंदौर, जावेद उर्फ गोलू उम्र 28 वर्ष इंदौरा, इस्माइल खान उम्र 25 वर्ष शाजापुर, ब्रजमोहन ठाकुर उम्र 24 वर्ष शाजापुर, सोदान सिंग उम्र 26 वर्ष शाजापुर सभी एमपी निवासी शामिल हैं। दो साथी विनोद कुमार और अर्जुन कुमार दोनों शाजापुर निवासी फरार हैं।
स्कॉर्पियो, ट्रक जब्त गाड़ी नंबर भी गलतचोरी की आशंका
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक ऑटोमेटिक पिस्टल, 315 बोर का देशी कट्टा, 1 नग मैग्जीन, 2 जिंदा कारतूस, चोरी का डीजल, चाइनीज चाकू, स्टील राड सहित डीजल चोरी का सामान और अन्य हथियार बरामद किया है। आरोपियाें के पास से 60 हजार नगद और 3 मोबाइल भी जब्त किया है। इनके पास से एक स्कॉर्पियो और ट्रक भी बरामद हुआ है, जिसका नंबर गलत है और इसके वैध दस्तावेज भी नहीं है इसलिए पुलिस को शंका है कि दोनों गाड़ियां भी चोरी की है।
एमपी में की दो हत्या महाराष्ट्र में भी प्रयास
एसपी प्रफुल्ल ठाकुर ने बताया कि आरोपियों की फोटो एमपी पुलिस से साझा की गई है। वहां की एसटीएफ टीम ने पुष्टि की है कि ये सभी एमपी और महाराष्ट्र में कई वारदात में शामिल रहे हैं और टीम उनकी खोजबीन कर रही है। गिरोह ने भोपाल और उज्जैन में हत्या की है। वहीं महाराष्ट्र में हत्या का प्रयास सहित कई डकैती में शामिल रहा है।
कार्रवाई में ये रहे शामिल
डकैत गिरोह को पकड़ने की पूरी कार्रवाई एसपी प्रफुल्ल ठाकुर के मार्गदर्शन, एएसपी मेघा टेंभुरकर और एसडीओपी विकास पाटले के निर्देशन में की गई। पुलिस द्वारा गिरोह को पकड़ने बनाई गई टीम में थाना प्रभारी सरायपाली मल्लिका तिवारी, साइबर सेल प्रभारी संजय सिंह राजपूत, थाना सिंघोड़ा प्रभारी चंद्रकांत साहू, एएसआई विकास शर्मा, एएसआई नवधाराम खाण्डेकर, एएसआई विजय मिश्रा, प्रआर. प्रकाश नंद, मिनेश ध्रुव, आरक्षक छत्रपाल सिन्हा, युगल पटेल, ललित यादव, त्रिनाथ प्रधान, रवि यादव, हेमन्त नायक, योगेन्द्र दुबे शामिल थे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/302aROZ
via
Comments
Post a Comment