Skip to main content

लो-वोल्टेज के खिलाफ हाई-वोल्टेज प्रदर्शन, विभाग में दौड़ा एेसा करंट कि 6 महीने की समस्या दो घंटे में ठीक

जिला मुख्यालय से लगे ग्राम कोकपुर तथा आसपास के ग्रामीणों का सब्र उस समय जवाब दे गया जब 6 महीने बाद भी लो वोल्टेज समस्या दूर नहीं हो पाई। आक्रोशित ग्रामीणों ने मंगलवार सुबह कांकेर-कोरर मार्ग में चक्काजाम कर दिया। सड़क में वाहनों की लाइन लगने लग गई। दो घंटे चक्काजाम के बाद मौके पर पहुंचे बिजली विभाग के अफसरों ने आश्वासन दिया कि दो घंटे में वोल्टेज की समस्या सुधार दी जाएगी जिसके बाद ग्रामीण सड़क से हट तो गए लेकिन चेतावनी देते कहा शाम तक व्यवस्था नहीं सुधरी तो अगली बार चक्काजाम आश्वासन से नहीं व्यवस्था दुरूस्त होने के बाद ही हटेगा। इसके बाद वोल्टेज की सप्लाई बढ़ा दी गई।
ग्रामीणों के अनुसार पिछले 6 माह से कोकपुर तथा आसपास के गांव में लो वोल्टेज की समस्या है। ग्रामीणों के अलावा जनप्रतिनिधियों ने भी बिजली विभाग को आवेदन सौंपा लेकिन निराकरण नहीं हुआ। पिछले 25 दिनों से यह समस्या गंभीर हो गई। खेतों को सिंचाई करने पंप तो दूर पंखा भी नहीं चल रहे हैं। बल्ब जलते नहीं टिमटिमाते हैं। 6 महीनों में 13 बार आवेदन देने के बाद भी विभाग ने नहीं सुनी तो ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। मंगलवार 28 जुलाई सुबह 9 बजे ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया। मार्ग से गुजरने वाले वाहनों को रोका। जबरदस्ती मार्ग से वाहन ले जाने कोशिश की तो ग्रामीण सड़क पर ही लेट गए।
चक्काजाम की सूचना पुलिस तक पहुंची। स्टाफ दलबल के साथ मौके पर पहुंचा। समझाईश दी लेकिन ग्रामीण अड़े रहे। नायब तहसीलदार व अन्य कर्मचारी पहुंचे तथा बिजली विभाग अफसरों को बुलाया गया। तहसीलदार कांकेर के अलावा बिजली विभाग अफसरों सहित एसडीओपी कांकेर मौके पर पहुंचे।
एक घंटे तक चली बैठक में विभाग के अफसरों ने दो घंटे में वोल्टेज सुधारने आश्वासन दिया जिसके बाद ग्रामीण सड़क से हटे। प्रदर्शन में सरपंच प्यारसिंह मंडावी, उपसरपंच जगदीश सोनी के अलावा ग्रामीण देवकुमार जैन, अनिल सेन, दुल्लूराम मंडावी, रूपराय कोमरा आदि शामिल थे।

अब तक 15 से अधिक पंप, पंखे और टीवी भी खराब हो चुके हैं
ग्रामीणों ने बताया इलाके में बड़ी संख्या में किसान जो सब्जियां बोते हैं। बोर में लगे पंप के सहारे ही सिंचाई करते हैं। लो वोल्टेज के चलते पानी के पंप नहीं चल रहे हैं। सिंचाई नहीं होने से फसल बर्बाद हो रही है। अबतक 15 से अधिक पंप के अलावा पंखे व टीवी भी लो वोल्टेज से खराब हो चुके हैं।

शहर में भी Wसा ही हाल, आए दिन बंद हो रही बिजली
जानकारी के अनुसार ग्रामीण इलाकों ही नहीं शहर भी बिजली की समस्या से अछूता नहीं है। गर्मी के दिनों में शहर में लो वोल्टेज व बिजली बंद होना आम बात है। बारिश जैसे मौसम में भी कभी कभी बिजली बिना किसी कारण बंद हो जाती है।

वोल्टेज बढ़ाई गई, लोड कम खपत ज्यादा, इसलिए समस्या
बिजली विभाग के सहायक यंत्री एलएन कंवर ने बताया समस्या को दूर करने वोल्टेज बढ़ाया गया। वर्तमान में 200 से ऊपर वोल्टेज प्रवाहित हो रहा है। गांव में कनेक्शन व लोड की मांग के आधार पर ट्रांसफार्मर लगाया गया है। वहां लोग मांग से ज्यादा लोड की मशीनों का इस्तेमाल कर रहे हैं जिससे समस्या आ रही है।

पुलिस का रौब दिखाने से बिगड़ा माहौल
चक्काजाम के दौरान कोरर की ओर से दो युवक सिविल ड्रेस में बाइक से पहुंचे तथा स्वयं को पुलिस वाला बताते मार्ग खोलने कहा। ग्रामीण मार्ग से नहीं हटे तो सभी की शिकायत एसपी से करते कार्रवाई करने धमकी देने लगे। ग्रामीणों का नाम पूछने लगे। युवकों के साथ ग्रामीण चुनेश्वर जैन व अन्य के साथ विवाद होने लगा। इससे तनाव बढ़ गया और ग्रामीण आक्रोशित हो गए जिसके बाद खतरा भांपे दोनों युवक वापस कोरर की ओर भाग गए।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
High-voltage performance against low-voltage, ran in the department such problem of 6 months fixed in two hours


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2ElrZYK
via

Comments