Skip to main content

5 घंटे में तीन की मौत, दो को किडनी की बीमारी थी

जिले के चिंतलनार में शुक्रवार को 5 घंटे के अंतराल में दो युवक व एक अधेड़ महिला ने दम तोड़ दिया। एक दिन में तीन लोगों की मौत की सूचना के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। बीएमओ डॉ. कपिलदेव कश्यप की अगुवाई में शनिवार सुबह मेडिकल टीम चिंतलनार पहुंची। मृतकों के परिजन से जानकारी जुटाई और मौत के कारणों की पड़ताल की। बीएमओ ने बताया कि शुक्रवार दोपहर सवा 3 बजे 15 वर्षीय युवक अंकित शुक्ला ने दम तोड़ा। शाम करीब 6 बजे 54 वर्षीय महिला जूनकी बाई ने भी अंतिम सांस ली।
रात पौने 8 बजे 24 वर्षीय बासुदेव बाछड़ की मौत हुई। बीएमओ की माने तो जूनकी बाई और अंकित शुक्ला की किडनी की बीमारी से ग्रसित थे। दोनों को डॉक्टरों ने किडनी ट्रांसप्लांट की सलाह दी थी। वे डायलिसिस पर चल रहे थे। इसके अलावा अत्यधिक शराब पीने के कारण वासुदेव बाछड़ का लिवर पूरी तरह से खराब हो गया था।

सभी घर पर तोड़ा दम सैंपल लेकर लौटी टीम
शुक्रवार को चिंतलनार के महारापारा, बंगालीपारा व ठाकुरपारा में पांच घंटे के अंतराल में तीन लोगों की मौत हुई। किसी ने भी इलाज के दौरान अस्पताल में दम नहीं तोड़ा बल्कि तीनों ने घर पर ही अंतिम सांस ली। बीएमओ ने बताया कि मृतकों में दो की किडनी फेल व एक का लिवर पूरी तरह खराब हो गया था। ऐसे में मृतकों के घर के आसपास के पेयजल स्त्रोत के सैंपल जुटाए गए हैं। जिसकी जांच कराई जाएगी। बीएमओ ने गांव में नवजात शिशु की मौत की बात से साफ इंकार किया है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2OfvFwZ
via

Comments