जगदलपुर, रायपुर और कवर्धा समेत प्रदेश के अन्य जिले में जाने के लिए लॉग रूट की यात्री बसों का परिचालन 6 जुलाई से होगा। इसे लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई है। करीब 50 बसों का परिचालन अन्य जिलों व प्रदेश के अंदर किया जा रहा है। इसमें जगदलपुर, बालोद, बेमेतरा, कवर्धा, रायपुर, बिलासपुर रूट की बसों को चलाए जाने की तैयारी की गई है।
25 जून को शासन ने बस ऑपरेटर्स को परिवहन सेवा दोबारा से शुरू करने की छूट दी। टैक्स समेत तमाम मांगों को लेकर संचालकों ने बसें चालने से इंकार कर दिया। शासन द्वारा मांगों पर विचार करने की सहमति देने के बाद ऑपरेटर्स दोबारा से बसें संचालित करने पर रजामंद हुए। जिले में परिवहन संघ के अधिकारियों ने सोमवार से सभी रूटों पर बसों का संचालन शुरू हो जाएगा। आरटीओ द्वारा बसों की जांच भी की जाएगी।
स्टॉपेज पर ही रुकेंगी बसें, मास्क लगाना होगा अनिवार्य
यात्री बसों के परिचालन को लेकर राज्य शासन ने गाइड लाइन जारी कर दी है। इसके तहत समय-चक्र तथा फेरे के अनुसार यात्री बसों के संचालन की अनुमति होगी। केवल निर्धारित स्टापेज पर ही बसें रूकेंगी। यात्रा के दौरान बसों के चालक, परिचालक और सभी यात्रियों को चेहरे पर मास्क लगाना जरूरी होगा। बस में चढ़ते, बैठते और उतरते समय सोशल डिस्टेंसिंग जरूरी होगी। जिले से दूसरे जिले में जाने के लिए लगने वाले ई-पास की बाध्यता भी खत्म कर दी गई है। इसकी जगह कंडक्टर और ड्राइवर यात्रा के लिए बस में बैठने वाले यात्री का रिकार्ड का मेंटेन करेंगे। डिटेल के अलावा यात्रियों के नाम व पते की जानकारी देनी होगी।
पाटन के लिए 6 तो धमधा रूट पर 7 बसें होगी शुरू
पाटन और अहिवारा रूट पर 5, धमधा होकर बेमेतरा के लिए 7 बसें, दुर्ग से रायपुर के लिए करीब 15 बसें चलेंगी। इसी तरह राजनांदगांव और खैरागढ़, बालोद, बेमेतरा रूट पर भी 8 से 10 बसों का संचालन होगा। जगदलपुर के लिए 5 और कवर्धा के लिए 10 समेत रायपुर रूट पर 15 बसों का संचालन होगा। बस संचालकों का कहना है कि आने वाले दिनों यात्रियों की संख्या के आधार पर सभी रूटों पर बसों की संख्या तय होगी।
लॉग रूट की बसों के लिए ऑनलाइन बुकिंग शुरू
शासन के आदेश के बाद रविवार से प्रदेशभर में निजी बसों को चलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। इसके चलते बस ऑपरेटर्स ने डायरेक्ट बुकिंग के अलावा ऑनलाइन की व्यवस्था भी शुरू कर दी है। करीब 106 दिनों बाद जगदलपुर की 5 बसों को रविवार शाम तक सिर्फ 14 सवारियां मिली। बुकिंग जारी है, फिलहाल सभी यात्री बसों में बुकिंग कराने वाले कम हैं। सभी ट्रैवल्स ने अपने कार्यालय खोल दिए हैं।
ट्रॉयल में रायपुर तक चली बस में मिली 5 सवारियां
छत्तीसगढ़ यातायात के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश देशलहरा ने बताया कि ट्रॉयल के तौर पर रविवार को कुछ रूट में बसें चलाई गईं। इसमें रायपुर रूट पर केवल चार सवारियां मिली। इसी तरह बेमेतरा के लिए गई बस को धमधा की एक सवारी मिली। ऐसे में ऑपरेटर्स का कहना है कि आने वाले दिनों यही स्थिति रही तो बसों का परिचालन संभव नहीं हो पाएगा। आगामी दिनों में बनने वाली स्थिति के आधार पर परिचालन तय किया जाएगा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3e4s67j
via
Comments
Post a Comment