Skip to main content

केंवटी से अंतागढ़ रेल लाइन का ट्रायल: 50 की स्पीड से गया इंजन, 105 की स्पीड से लौटा

रावघाट परियोजना अंतर्गत दल्लीराजहरा से रावघाट 95 किमी रेल लाइन निर्माण कार्य चल रहा है। रेल लाइन निर्माण कार्य 6 चरणों में होना है जिसके तीन चरण पूरे हो चुके हैं और वहां रेल चलने भी लगी है। चौथे चरण का काम केंवटी से अंतागढ़ काम पूरा होने के बाद गुरुवार को ट्रायल लिया गया।
इस 18 किमी की रेल लाइन में ट्रायल के दौरान केंवटी से अंतागढ़ जाते समय इंजन 50 की स्पीड से दौड़ाया गया तो वापस आते समय यही इंंजन 105 की स्पीड से लौटा। इंजन के अंतागढ़ पहुंचने पर मिठाई बांटी गई। गुरूवार को केंवटी से अंतागढ़ 18 किमी नवनिर्मित रेल लाइन पर इंजन दौड़ाकर पटरी का ट्रायल लिया गया जो सफल रहा। ट्रायल सफल होने के बाद जल्द ही इस मार्ग पर ट्रेन संचालन होने की उम्मीद है। आज के ट्रायल की रिपोर्ट जाने के बाद रेलवे की ओर से केंवटी तक आने वाली ट्रेन का संचालन अंतागढ़ तक करने पर निर्णय लिया जाएगा। कोरोना के चलते रायपुर से दल्लीराजहरा से भानुप्रतापपुर होकर केंवटी तक ट्रेन संचालन बंद हैं। ट्रायल के लिए नई पटरी पर इंजन केंवटी से अंतागढ़ तक दौड़ाया गया। रेल लाइन के दोनों ओर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे। केंवटी से अंतागढ़ तक 18 किमी का सफर मात्र 10 मिनट में पूरा हो गया। ट्रायल इंजन को लेकर लोको पायलट जे प्रेमकुमार और सुशील शर्मा पहुंचे थे।

  • 18 किमी की दूरी तय की सिर्फ 10 मिनट में
  • 2008 में शुरू हुआ था पहले चरण का काम
  • 2022 तक छठवें चरण का काम पूरा करने का लक्ष्य

12 साल पहले शुरू हुआ था रेल लाइन निर्माण
1141 करोड़ की लागत वाले दल्लीराजहरा से रावघाट 95 किमी रेल लाइन परियोजना का काम 2008 में दल्लीराजहरा से शुरू हुआ था। पहले चरण का काम दल्लीराजहरा से गुदुम 17 किमी पूरा होने में नौ साल लग गए। गुदुम तक रेल 2017 में दौड़नी शुरू हो गई थी। दूसरे चरण का काम गुदुम से भानुप्रतापपुर 17 किमी 2018 में पूरा हो गया और यहां भी रेल दौड़ने लगी। तीसरे चरण का काम भानुप्रतापपुर से केंवटी 8 किमी 2019 में पूरा हो गया और यहां भी रेल दौड़ने लगी है। चौथे चरण का ट्रायल 2020 में हो गया।

दो सालों में रावघाट तक पहुंच जाएगी रेललाइन
पांचवे चरण का काम अंतागढ़ से ताड़ोकी 17 किमी अगले वर्ष 2021 में पूरा हो जाएगा। इस 17 किमी मार्ग में रेल लाइन निर्माण कार्य जारी है जहां दो बड़े के अलावा 51 छोटे पुल बन रहे हैं। छठवें चरण में ताड़ोकी से रावघाट 18 किमी रेल लाइन निर्माण कार्य 2022 में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

बोंदानार में भी बनेगा स्टेशन और यार्ड
पहले की योजना में बोंदानार में स्टेशन नहीं बनना था। अब अंतागढ़ से ताड़ोकी के बीच पडऩे वाले बोंदानार में स्टेशन तथा यार्ड बनाने की योजना है। इस दिशा में काम तेजी से चल रहा है। बोंदानार में यार्ड बनने से रावघाट से कच्चा लोहा लाकर बोंदानार में डंप किया जाएगा। यहां से मालगाड़ी में भर कर भेजने की योजना है।

अभी तक दो चक्कर लगा रही भी ट्रेन
इस मार्ग पर फिलहाल कोरोना संक्रमण के कारण रेल संचालन बंद है लेकिन इस मार्ग पर कोरोना के पहले तक सुबह केंवटी से रायपुर तथा दूसरे फेरे में ट्रेन केंवटी से दुर्ग तक चलती थी। अब इसी ट्रेन का संचालन केंवटी से बढ़ाकर अंतागढ़ तक किया जाएगा।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Trial of Kanti to Antagarh railway line: engine gone at speed of 50, returned at speed of 105


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/33bk5vF
via

Comments