पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी के गोदग्राम कुल्हाड़ीघाट की दुर्गम पहाड़ी पर बसे कमार ग्राम कुर्वापानी, ताराझर, डंडईपानी तक पहुंचने के लिए अब तक सड़क का निर्माण नहीं किया जा सका है। हर साल की तरह इस साल भी इन ग्रामों तक 3 दिनों तक स्वास्थ्य विभाग मैनपुर का अमला झमाझम बारिश के बीच पैदल लगभग 45 किमी खड़ी पहाड़ी नदी नालों को पैदल पार कर पहुंचा तथा बच्चों का टीकाकरण व गर्भवती माताओं का टीकाकरण के साथ पंजीयन भी किया। इस दौरान टीम ने दो रातें इन गांवों में ही गुजारी। इस दौरान टीम ने सभी पहुंचविहीन ग्रामों में विशेष शिविर लगाकर टीकाकरण के साथ ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया व दवा वितरण किया,।इस तरह सभी ग्रामों में 100 प्रतिशत टीकाकरण के लक्ष्य को हासिल कर लिया गया।
4-5 ग्रामीणों में मलेरिया के लक्षण पाए गए जिन्हें दवा दे दी गई।कोरोना से बचाव की भी जानकारी दी : ग्रामों में लोगों को कोरोना संक्रमण से बचाव की भी जानकारी दी गई। ग्रामीणों को बार बार हाथ धोने के साथ मास्क पहनने की अपील की गई और ग्रामीणों को मास्क सैनिटाइजर साबुन का वितरण भी किया गया, ग्रामीणों को बताया गया है कि ओडिशा या अन्य प्रदेशों से यदि कोई बाहरी व्यक्ति यहां आता है तो इसकी सूचना तत्काल दें।
3 दिन का सफर कर 132 का इलाज, टीकाकरण किया
पहाड़ी पर बसे तीनों ग्रामों में लगभग 132 ग्रामीणों का उपचार किया गया। सेक्टर सुपरवाइजर आईएल पटेल के नेतृत्व में मितानिनें, एमटी की कुल 10 सदस्यों की टीम पहाड़ी के इन गांवों तक पहुंची। पटेल ने बताया कि 8 जुलाई को सुबह 8 बजे मैनपुर से गाड़ी से 9 बजे देवडोंगर पहुंचे और यहां से पैदल 18 किमी तक बारिश के बीच पैदल शाम 4 बजे ताराझर पहुंचे।
वहां दवा आदि देकर 5 किमी चलकर रात्रि 7.30 बजे कुर्वापानी पहुंचे जहां मितानिन के घर में भोजन के बाद रात्रि विश्राम किया। दूसरे दिन 9 जुलाई को सुबह गांव में बच्चों का टीकाकरण किया गया। यहां से 10 बजे निकलकर 8 किमी तक चल पहाड़ी ग्राम डंडईपानी 3.30 बजे पहुंचे जहां शिविर लगाकर ग्रामीणों का इलाज किया। रात विश्राम डंडईपानी में कर 10 जुलाई को फिर बचे हुए बच्चों का टीकाकरण कर 10 किमी चलकर पहाड़ी से नीचे उतरे और देर शाम मैनपुर पहुंचे।
टीम में ये शामिल थे
टीम में पटेल के अलावा ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक मोहन साहू, खगेश साह, रामचन्द्र पटेल, पारेश्वर नागेश, टिकेन्द्री ध्रुव, कुमारी वेदमती ध्रुव कुल्हाड़ीघाट, प्रतिभा ध्रुव मैनपुरकला, कुमारी श्यामा नागेश मैनपुर व विनिता वर्मा गोबरा शामिल थे। कुल्हाड़ीघाट की सरपंच धनमोतिन बाई सोरी, पूर्व सरपंच बनसिह सोरी आदि अमले की तारीफ करते हुए कलेक्टर छतर सिंह डेहरे से इन स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं का सम्मान करने की मांग की है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3iSCume
via
Comments
Post a Comment