Skip to main content

एक दिन में 45 केस, बीएसएफ के 33 जवान, 12 मजदूर भी पॉजिटिव

जिले में शनिवार को पहली बार कोरोना के एक साथ 45 नए मरीज पाए गए। जिले में कोरोना मरीजों का आंकड़ा शतक पार कर अब कुल 138 में पहुंच चुका है। जिसमें से 85 बीएसएफ व एसएसबी के जवान हैं। शनिवार को 33 बीएसएफ व एसएसबी जवानों के अलावा 12 दुर्गूकोंदल, भानुप्रतापपुर, अंतागढ़ तथा नरहरपुर विकासखंड के मजदूर हैं।
एक साथ इतने मरीजों के मिलने से जिले में भी हड़कंप मचा ही है साथ ही बीएसएफ व एसएसबी कैंप में दहशत है क्योंकि कई थानों व कैंप में एक साथ बीएसएफ जवानों को क्वारेंटाइन कर रखा गया है। इनके संपर्क में आए अन्य जवानों की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। शनिवार 18 जुलाई को आई रिपोर्ट में सर्वाधिक अंतागढ़ रावघाट थाना क्षेत्र के दंडकवन बीएसएफ 193वीं बटालियन के जवान हैं। दंडकवन कैंप के 2 तथा अबूझ इलाके में स्थित 193वीं बटालियन कैंप के 24 जवान कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। सभी जवान छुट्टी से वापस आए थे जिसके बाद इन्हें क्वारेंटाइन किया गया था। अंतागढ़ में ही बीएसएफ के एक और जवान के कोरोना पॉजिटिव होने की जानकारी तब सामने आई जब उसे सर्दी खांसी होने पर इलाज के लिए फीवर क्लिनिक अंतागढ़ लाया गया। यहां एंटिजीन किट जांच में उसे पॉजिटिव पाया गया। बाद में स्वाब सैंपल की जांच में भी वह पॉजिटव पाया गया। अंतागढ़ के ही कुहचे स्थित एसएसबी कैंप के 3 जवान पॉजिटिव मिले। वे भी छुट्टी से लौटे थे। अंतागढ़ के सरगीपाल बीएसएफ कैम्प के भी दो जवान पॉजिटिव मिले। भानुप्रतापपुर के मुल्ले बीएसएफ हेडक्वार्टर में तैनात एमबीबीएस डॉक्टर भी पॉजिटिव पाया गया। वे जम्मू कश्मीर कैंप से यहां पहुंचे थे। भानुप्रतापपुर के ही चिचगांव व दाबकट्टा क्वारेंटाइन सेंटर से एक एक मजदूर, दुर्गूकोंदल के मंगहूर व दोड़देकादर में भी एक एक मजदूर कि अलावा आमाबेड़ा क्वारेंटाइन सेंटर के 3 मजदूरों के अलावा तेवड़ा क्वारेंटाइन सेेंटर में दो, कोटकुर में एक, कोटुल में एक तथा दबेना क्वारेंटाइन सेंटर में एक मजदूर पॉजिटिव पाया गया है।

इधर शनिवार को 30 कोरोना मरीज डिस्चार्ज भी हुए
जिले में एक ओर कोरोना मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है तो दूसरी उसी गति से मरीज ठीक होकर घर भी पहुंच रहे हैं। कांकेर कोविड अस्पताल से शनिवार को 30 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया। इसमें 10 जुलाई को भर्ती हुए नारायणपुर के 25 मरीजों के अलावा कांकेर बीएसएफ के 4 तथा नरहरपुर तहसील के पेंड्रावन का एक मजदूर शामिल है।

बड़गांव में मिला था कोरोना मरीज,दुकान खोली तो होगी कार्रवाई
चार दिन पहले बडग़ांव बीएसएफ कैंप में एक जवान पॉजिटिव पाया गया था जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने 100 मीटर दायरे को सील कर दुकानें बंद करने कहा था। लोग दुकानों को खोलने लगे जिससे भीड़ बढ़ने लगी। लापरवाही को गंभीरता से लेते पखांजूर नायब तहसीलदार मोहित साहू ने पटवारियों की टीम भेज 100 मीटर दायरे में खुली सभी दुकानों को बंद कराते चेतावनी दी कि दोबारा लापरवाही बरतने पर एफआईआर कराई जाएगी।

अस्पताल में है इलाज की पूरी व्यवस्था
सीएमएचओ डा जेएल उइके ने कहा कांकेर कोविड अस्पताल में कोरोना मरीजों के लिए पर्याप्त जगह व व्यवस्था है। शनिवार को 30 मरीजों को अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया है। नए मरीजों को यहां भर्ती किया जा रहा है। चिंता की कोई बात नहीं है। यहां हुए भर्ती हुए मरीज तेजी से रिकवर कर रहे हैं।

जानिए, शनिवार को यहां इतने केस मिले
बीएसएफ - एसएसबी कैम्प
बीएसएफ अंतागढ़ -1
बीएसएफ अबूझ-24
बीएसएफ दंडकवन -2
बीएसएफ सरगीपाल- 2
बीएसएफ मुल्ला -1
कुहचे एसएसबी- 3
क्वारेंटाइन सेंटर
चिचगांव-1
दाबकट्टा -1
मंगहूर -1
दोड़देकादर-1
आमाबेड़ा -3
तेवड़ा -2
कोटकुर -1
कोटुल -1
दबेना -1



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
45 cases in one day, 33 BSF jawans, 12 laborers also positive


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2CQM7kF
via

Comments